बलरामपुर: पूर्व सांसद का दामाद एक बार फिर गैंगस्टर मामले में गिरफ्तार
तुलसीपुर/बलरामपुर,अमृत विचार। पूर्व सांसद रिजवान जहीर वह उनके परिवार की मुश्किलें कम होने के बजाय बढ़ती जा रही हैं। पूर्व सांसद के दामाद रमीज नेमत को अब पुलिस ने गैंगस्टर के मामले में गिरफ्तार किया है।
तुलसीपुर थाने के भंगहाकला निवासी रमीज नेमत पूर्व सांसद रिजवान जहीर के दामाद हैं। एसपी विकास कुमार ने बताया कि रमीज नेमत पर उनके आपराधिक इतिहास को देखते हुए गिरोह बंद अधिनियम का मुकदमा दर्ज था। इस मामले में उनकी तलाश पुलिस कर रही थी। जानकारी के आधार पर पुलिस की एक टीम कौशाम्बी भेजी गई थी। वहां से रमीज नेमत को गिरफ्तार किया गया है। तुलसीपुर थाने पर लाकर उनसे अन्य बिंदुओं पर जानकारी ली गई है। साथ ही उनका चिकित्सीय परीक्षण कराकर अन्य कार्रवाई की जा रही है।
बताते चलें कि चार जनवरी 2022 को रात करीब 10.20 बजे पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू के घर के पास उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने पूर्व सांसद रिजवान जहीर समेत उनके दामाद रमीज नेमत को गिरफ्तार किया था। इसके अलावा कई और मामले में रमीज पर केस दर्ज होने की बात पुलिस कर रही है। यही नहीं, प्रशासन ने 2023 में रमीज नेमत की संपत्ति भी कुर्क कर ली थी।
यह भी पढ़ें: महाराष्ट्र: इस साल जनवरी से जून के बीच 1267 किसानों ने की आत्महत्या, अमरावती मंडल में सबसे ज्यादा मौतें
