बदायूं: रात को मां के पास सोया बच्चा...सुबह चारपाई पर मिला शव, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ये वजह आई सामने
बदायूं, अमृत विचार। बिसौली में रात को मानसिक मंदित मां के साथ सोया 6 साल का बच्चा अगले दिन सुबह मृत मिला। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। बच्चे की गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जिसमें बीमारी से मौत होने की पुष्टि हुई है।
बिसौली कोतवाली क्षेत्र के गांव मिठामई निवासी मोहित की शादी लगभग 14 साल पहले थाना उसहैत क्षेत्र के गांव असमय रफतपुर निवासी प्रीति के साथ हुई थी। उनकी एक बेटी मोहिनी, दूसरे नंबर का बेटा कौशल है। सबसे छोटा बेटा कुलदीप छह साल का था। सोमवार रात खाना खाने के बाद कुलदीप अपने पिता मोहित के पास जाकर सो गया।
रात लगभग एक बजे प्रीति मोहित के पास आई और कुलदीप को उठाकर अपने साथ ले गई। जिसके बाद मंगलवार सुबह कुलदीप मृत मिला। इसकी जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
मोहित ने बताया कि उसकी पत्नी प्रीति मानसिक मंदित है। जिसका पांच साल से उसका इलाज चल रहा है। वह कई बार बच्चों के अलावा उस पर और परिजनों पर हमला कर चुकी है। इसलिए परिजन उससे बचकर रहते हैं। रात में प्रीति उसके पास से बेटे कुलदीप को ले गई थी। मंगलवार सुबह देखा तो कुलदीप का शव मिला और उसका गला सूजा हुआ था। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि गला दबाकर हत्या की गई हो। वहां उसकी मां के अलावा कोई और भी नहीं था। पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: 5 साल की छात्रा ने दिखाई थी हिम्मत, 7 साल जेल में रहेगा छेड़छाड़ का दोषी...जानिए मामला
