बरेली: शाही कांड...मास्टरमाइंड के बेटों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने दोनों के साथ अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दिया आदेश
बरेली, अमृत विचार। थाना शाही क्षेत्र के गांव गौसगंज में हुए बवाल के मास्टरमाइंड के दो बेटों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपी बवाल वाले दिन से फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
गांव गौसगंज में 16 जुलाई को ताजिया निकालने के दौरान दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष ने धर्म स्थल के पास ढोल बजाने को मना किया था। दूसरे पक्ष के अब्दुल ने 19 जुलाई को एक महिला पर लेजर लाइट मारी थी। इसका हीरा लाल, रुपचंद्र समेत कई लोगों ने विरोध किया था। इसके बाद अब्दुल के बुलाने पर 65 लोगों ने घर में घुसकर हमला बोल दिया था और महिलाओं से भी मारपीट की थी। जिसमें हीरालाल के बेटे तेजपाल की इलाज के दौरान रविवार के देर रात मौत हो गई थी।
हीरा लाल की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की थी। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मंगलवार को पथराव कर बवाल कराने वाले मास्टर माइंड गौंसगंज निवासी बख्तावर अली के बेटे इशरफ उर्फ अशरफ और आसिद पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस बख्तावर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
सीसीटीवी कैमरे में तेजपाल को ले जाता दिखाई दिया आरोपी
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी तो उसमें अशरफ और आसिद तेजपाल को उठाकर ले जाते दिखाई दे रहे हैं। दोनों आरोपी एक धार्मिक स्थल की तरफ तेजी के साथ उसे लेकर जा रहे हैं। पुलिस ने दोनों की भूमिका की जांच की तो उसमें दोनों दोषी पाए गए। जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने दोनों के खिलाफ 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सभी आरोपी घरों में ताला लगाकर फरार चल रहे हैं।
हीरालाल ने अपने कार्यकाल में बनवाया था धर्म स्थल
तेजपाल की जिस धर्म स्थल में पिटाई की गई, उसे दूसरे पक्ष के लोगों के लिए हीरालाल ने अपनी प्रधानी के कार्यकाल में बनाने का प्रस्ताव रखा था। साथ उसे बनवाने में उनकी पूरी भूमिका थी। हीरालाल ने पुलिस को बताया कि जिस धर्म स्थल को उन्होंने बनवाया था। उन्हें क्या पता था कि उसी में ले जाकर उनके बेटे की हत्या कर दी जाएगी।
हर वर्ष मोहर्रम में करते थे पुष्प वर्षा
पुलिस के अनुसार तेजपाल के पिता हीरालाल हर वर्ष मोहर्रम के दौरान ताजिया में शामिल होने वाले सभी लोगों पर पुष्प वर्षा करते थे। उनके सहयोग में भी लोग रहते थे। उनके प्रधानी के चुनाव से लेकर हर एक मामले में उनके साथ खड़े रहते थे, लेकिन कुछ अराजक तत्वों ने पूरे गांव को दो समुदाय के विवाद में झोंक दिया।
मास्टर माइंड के दोनों बेटों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। फरार चल रहे सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रहीं हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा- अनुराग आर्य, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
ये भी पढ़ें- बरेली: बुकिंग खुलते ही ट्रेनों में वेटिंग, दिवाली और छठ पर घर जाना आसान नहीं
