अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार कार्यालय में तैनात दो कर्मचारियों को मारी गोली, दहशत का माहौल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोलीबारी की घटना से कैंपस में हड़कंप-अफरातफरी का आलम, सगे भाई हैं दोनों घायल कर्मचारी 

अलीगढ़, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश के ज़िला अलीगढ़ में एक बार फिर गोलियां तड़-तड़ाई हैं। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार ऑफिस में तैनात दो सगे भाईयों को गोली मारी गई है। जिन्हें जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। गोलीकांड से कैंपस में हड़कंप और दहशत का माहौल पैदा हो गया। घटना के बाद भारी संख्या में पुलिस फोर्स मेडिकल कॉलेज पहुंचकर जांच में जुट गया है।  

घटनाक्रम, एएमयू के जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज कैंपस में रजिस्ट्रार कार्यालय का बताया जा रहा है। आरोप है कि कार्यालय में तैनात कर्मचारियों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाई गईं। जिसमें मेडिकल कॉलेज कॉलोनी में रहने वाले और रजिस्ट्रार कार्यालय के कर्मचारी मुहम्मद नदीम और मुहम्मद करीम, जोकि दोनों सगे भाई हैं-गोली लगने से घायल हो गए हैं। 

बुधवार की सुबह एएमयू कैंपस में गोलीकांड की घटना सामने आने के बाद अफरातफरी का आलम बन गया। रजिस्ट्रार कार्यालय के कर्मचारियों पर गोली चलाने वाले एक आरोपी को सुरक्षाकर्मियों ने दबोच लिया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही घटना में शामिल दूसरे आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

एएमयू के प्रॉक्टर डॉ. वसीम अहमद का कहना है कि शुरुआती जांच में ये पता लगा है कि पुरानी रंजिश में गोली मारी गई है। कर्मचारियों के ऑपरेशन की तैयारी चल रही है। उनके पेट में गोली लगी है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी कि हमलवारों ने घटना को क्यों अंजाम दिया है। 

गोलीकांड में घायल कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गोलीबारी की घटनाओं को लेकर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय लगातार चर्चाओं में बनता रहा है। पिछले साल वीएम हॉस्टल में अंधाधुंध कई राउंड गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें तीन लोग घायल हो गए थे। इस बार अब कर्मचारियों को गोली मारने का मामला सामने आ गया है।

इससे पहले भी कैंटीन से वसूली तो कभी छात्रों के बीच विवाद की घटनाएं होती रहती हैं। इस तरह के विवादों के कारण ही विश्वविद्यालय को लेकर आम लोगों के बीच सवाल उठते रहते हैं और यहां व्यवस्थाओं में सुधार की मांग उठती रहती है।

ये भी पढ़ें- अलीगढ़: दबिश के दौरान पिस्टल को अनलॉक करने में चली गोली, कांस्टेबल की मौत, दारोगा घायल

संबंधित समाचार