बेटों की हरकत : बुजुर्ग पिता को पीट अधमरा कर में गोदाम में फेंका
लखनऊ/ ठाकुरगंज, अमृत विचार। सआदतगंज कोतवाली में एक पिता ने अपने दो बेटों के खिलाफ जानलेवा हमला करने आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। पिता का आरोप है कि बेटों का चाल-चलन ठीक नहीं है, जिस वजह से उन्होंने पैतृक संपत्ति बहू के नाम कर दी। इस बात से नाराज बेटे उनके जीवन यापन के लिये बचा गोदाम हड़पना चाहते हैं। विरोध करने पर बेटों ने उन्हें तमंचे की बट से पीटकर अधमरा कर दिया। फिर मरणासन्न हालत में बेटे उन्हें गोदाम में फेंक कर कर भाग निकले। हालांकि, बेटों की करतूत गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। इसके आधार पर पुलिस मामले की जांच करने में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह के मुताबिक, कश्मीरी मोहल्ला, नई पानी की टंकी निवासी मो.शहाब आलम (76 ) ने बेटे अरशद उर्फ मन्नी और हैदर अब्बास उर्फ अइईया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। लिखित शिकायत में पीड़ित पिता ने बताया कि उनकी दो पत्नियां थी। पहली पत्नी से बेटा अरशद उर्फ मन्नी है। जबकि दूसरी पत्नी से हैदर अब्बास उर्फ अइईया है। उनका आरोप है कि बेटों का चाल-चलन ठीक नहीं है, जिस वजह से उन्हे समाज में काफी लोगों के ताने सुनने पड़ते थे। कई बार उन्होंने बेटों को समझाने का प्रयास किया, बावजूद इसके बेटों का आचरण जस का तस रहा। इसके बाद बुजुर्ग ने बेटों को अपनी संपत्ति से बेदखल कर बहू के नाम सारी पैतृक संपत्ति सौंप दी।
बुजुर्ग ने बताया कि जीवन यापन के लिए उनका कैम्पवेल रोड पर एक गोदाम है। बेटे गोदाम को हड़पना चाहते हैं। मंगलवार की शाम वह गोदाम में मौजूद थे, इसी बीच बेटे उनके पास पहुंचे और गोदाम को अपने नाम कराने का दबाव बनाने लगे। इंकार करने पर बेटों ने तमंचे की बट से पीटकर पिता को अधमरा कर दिया। शोर मचाने पर बेटे वहां से भाग निकले। कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरे में बेटे की करतूत कैद हो गई। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस न एफआईआर दर्ज की है। जांच में मिले तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी।
यही भी पढ़ें- दो जालसाज गिरफ्तार : जस्ट डायल कर्मी दोस्त के साथ एटीएम बदल निकालता था रुपये
