संपर्क टूटने से गोंडा में गिरा ड्रोन, लखनऊ के कलाम लैब संस्था के छात्र कर रहे थे ट्रायल
बालपुर/गोंडा, अमृत विचार। देहात कोतवाली क्षेत्र के भुलभुलिया गांव में बृहस्पतिवार को गन्ने के खेत नें गिरा ड्रोन किसी दुश्मन देश का नहीं था बल्कि उसे लखनऊ के कलाम लैब के छात्र ट्रायल के लिए गोंडा में उड़ा रहे थे। इसी दौरान उसका संपर्क टूट गया और वह भुलभुलिया गांव के खेत में जा गिरा। छात्र उसे ढूंढते हुए देहात कोतवाली पहुंचे और एसएचओ को पूरी घटना बताई। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। हालांकि ड्रोन अभी पुलिस के कब्जे में है और मामले की पड़ताल की जा रही है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के भुलभुलिया गांव में बाहर खेत मे बृहस्पतिवार की सुबह एक ड्रोननुमा उपकरण गिरने से गांव में हड़कंप मच गया था। इसके गिरने की आवाज सुनकर मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए थे। यह डिवाइस ग्रामीणों के बीच कौतूहल का केंद्र बना था। ड्रोननुमा यह उपकरण चॉपर की शक्ल में दिख रहा था। एक मीटर लंबे चौड़े इस ड्रोन में कैमरा लगा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस इस उपकरण को कब्जे में ले लेकर जांच में जुटी थी। डिवाइस के सामने लगा कैमरा संदेह पैदा कर रहा था कि यह किसी दुश्मन की कारस्तानी न हो।
मौसम विभाग के अधिकारियों को भी इसकी पहचान के लिए बुलाया गया था लेकिन कुछ देर बाद इसे उड़ाने वाले छात्र इसकी तलाश करते हुए देहात कोतवाली पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी दी। छात्रों ने पुलिस को बताया कि वह लखनऊ के कलाम लैब में पढ़ते हैं और ड्रोन तकनीक बनाने पर काम कर रहे हैं। बृहस्पतिवार को ड्रोन उड़ाने गोंडा आए थे। इसका उद्देश्य ड्रोन में लगी बैट्री की क्षमता को परखना था। उन्होने सुबह 6 बजे इसे एससीपीएम कालेज के सामने से उड़ाया था लेकिन कुछ देर बाद उनका ड्रोन से संपर्क टूट गया और वह भुलभुलिया गांव में गन्ने के खेत के बीच जा गिरा। प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि इसकी पूरी तहकीकात की जा रही है। छात्रों के दावे को क्रॉस चेक किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें -गोंडा में दर्दनाक हादसा-खंभे पर तार जोड़ रहे युवक की करंट लगने से मौत, तार पर झूलता रहा शव
