Dog Attack In Unnao: आवारा कुत्तों का आतंक...शुक्लागंज में एक माह में 300 लोगों को काटा, पालिका पकड़ने के लिए नहीं चला रहा अभियान
शुक्लागंज में एक माह में 300 लोगों को कुत्तों ने काटा
उन्नाव, अमृत विचार। शुक्लागंज नगर के हर गली चौराहों पर आवारा कुत्तों की भरमार है। जरा सा चूकने पर कुत्ते दौड़ाकर काट रहे है। इसके बावजूद पालिका ने अभी तक आवारा कुत्तों को पकड़ने का अभियान नहीं चलाया है। जिस कारण बच्चों से लेकर बुजुर्गों को कुत्ते काटकर घायल कर रहे है। एक माह के भीतर तीन सौ से अधिक लोगों को कुत्ते काट चुके है।
राजधानी मार्ग शुक्लागंज स्थित न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में इन दिनों रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए नगर व आसपास लोगों की सुबह से ही भीड़ लग जाती है। जिसमें अधिकांश मरीज रेबीज के इंजेक्शन लगवाने के लिए पहुंच रहे है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी व एसीएमओ डॉ. रवि प्रकाश सचान ने बताया कि एक दिन में तीस से चालीस लोगों को रेबीज का इंजेक्शन लगाया जा रहा है। सोमवार को दोगुना लोग बढ़ जाते है। उन्होंने बताया कि एक माह के भीतर 300 लोगों को कुत्ते काट चुके है।
.jpg)
सुबह अस्पताल खुलते ही रेबीज का इंजेक्शन लगवाने के लिए लोगों की लाइनें लग रही है। क्षेत्र में आवारा कुत्तों की भरमार है, इसके बावजूद नगर पालिका गंगाघाट की ओर से आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई भी दस्ता नहीं बनाया गया है। जिससे आवारा कुत्तों के पास से निकलने में वह दौड़ाकर काट रहे हैं।
क्या कहते हैं जिम्मेदार
पालिका में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए कैचिंग दस्ता नहीं है। बाहर की टीमों से संपर्क किया जा रहा है। अगर एक माह में तीन सौ लोगों को कुत्तों ने काटा है तो उन्हें पकड़कर दूर दराज छुड़वाया जाएगा।- कौमुदी पांडे, पालिकाध्यक्ष नगर पालिका गंगाघाट
