शाहजहांपुर: तीन दिन से तालाब में दिख रहा मगरमच्छ...दहशत में लोग, पकड़ने के लिए लगाया गया पिंजरा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर, अमृत विचार। निगोही नगर पंचायत कार्यालय के पास बने तालाब में मगरमच्छ ने तीन दिन से डेरा डाल रखा है। बरसात के दिनों में कैमुआ नाला के पानी के साथ बहकर वह तालाब में आ गया था लेकिन अब उसने यहीं ठिकाना बना लिया है और आसपास के लोग दहशत में हैं। वहीं रविवार को मगरमच्छ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया।

नगर पंचायत कार्यालय के पास बड़े तालाब में दो दिन पहले एक मगरमच्छ दिखाई दिया था। शुक्रवार शाम को लोगों ने मगरमच्छ देखा लेकिन इसके बाद वह गायब हो गया। शनिवार सुबह 11 बजे लोगों की उस पर नजर पड़ी तो चर्चा आम हो गई और मगरमच्छ को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गई। तालाब के आसपास बस्ती है, इसलिए लोग दहशत में आ गए कि कहीं मगरमच्छ किसी को निवाला न बना ले, इसलिए लोगों ने वन विभाग को सूचना दी लेकिन वन कर्मी शनिवार शाम को मौका मुआयना कर लौट गए लेकिन उसे पकड़ने के कोई प्रयास नहीं किए।

रविवार सुबह जब लोगों को फिर से मगरमच्छ दिखाई दिया तो लोगों की फिर से भीड़ लग गई और सूचना वन विभाग को दी। इसके बाद उसे पकड़ने के लिए तालाब किनारे पिंजरा लगाया गया है, जिसमें उसका शिकार बंद कर दिया गया है, ताकि वह शिकार की तलाश में आए और पिंजरे में कैद हो जाए।

बता दें कि कुछ दूरी पर कैमुआ नाला भी निकला हुआ है, लेकिन 10 जुलाई को हुई भारी बारिश में जलभराव और नाला के उफान से तालाब और कैमुआ नाला एक में ही मिल गया और इसी बहाव में मगरमच्छ भी आ गया। बारिश थमने के बाद पानी सूखा तो कैमुआ नाला और तालाब के बीच का पानी सूख गया और तालाब व नाला अलग हो गया लेकिन मगरमच्छ तालाब में ही रह गया।

अब उसके लिए तालाब की ठिकाना है लेकिन तालाब के आसपास रहने वाले लोग दहशत में हैं कि कहीं मगरमच्छ उन्हें व उनके परिवार, खास तौर पर छोटे-छोटे बच्चों को निवाला न बना ले। आसपास रहने वाले लोग दहशत में जी रहे हैं और वनकर्मियों को मगरमच्छ मिल नहीं रहा है, हालांकि उसके पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है, लेकिन जब तब वह पकड़ नहीं जाता, तब तक आसपास के लोग दहशत में हैं।

संबंधित समाचार