Smart City: ग्लोबल पार्क, स्कूल और बाजारों में बनेंगी मल्टीलेवल पार्किंग, महापौर ने निकला अतिक्रमण और जाम का हल

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

Highlight

  • अफसरों के साथ एक मंच पर बैठीं महापौर तो निकला अतिक्रमण और जाम का हल
  • विभाग कार्य और जरूरत के अनुसार मास्टर प्लान बनाकर एलडीए को देंगे
  • दोबारा अतिक्रमण रोकने के लिए बनेगी संयुक्त टीम, कर्मी किए जाएंगे तैनात

लखनऊ, अमृत विचार। अतिक्रमण और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर में ग्लोबल पार्क, स्कूल और बाजारों के आसपास स्थल चिह्नित करके मल्टीलेवल पार्किंग बनाई जाएंगी। एनएचएआई पुल के नीचे झुग्गी-झोपड़ियों को हटाकर वेंडिग जोन स्थापित कर खोमचे, ठेलिया व अन्य व्यवसायियों को वहां व्यवस्थित कराया जाएगा। विभाग अपने-अपने कार्य और जरूरत के अनुसार मास्टर प्लान तैयार करेंगे। पूरी योजना लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) को उपलब्ध कराई जाएगी। ये निर्देश शनिवार को संगम गेस्ट हाउस में आयोजित बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल ने अधिकारियों को दिए।

बनाई गई संयुक्त टीम

महापौर ने पहली बार सभी विभागों के साथ बैठक कर यातायात, अतिक्रमण, जाम आदि समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में संज्ञान में आया कि शहरमें अतिक्रमण हटाने के बाद पुन: स्थापित हो जाता है। दोबारा अतिक्रमण न हो इसके लिए जिलाधिकारी के सुझाव पर महापौर ने पुलिस व नगर निगम की संयुक्त टीम बनाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कहा, दोनों विभागों के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए, ये समान रूप से सड़क किनारे खड़े ई-रिक्शा, खोमचे, ठेलिया व पटरी दुकानदारों को पेंटेड रोड के पीछे स्थापित करें। इस व्यवस्था को संबंधित थानाध्यक्ष व जोनल अधिकारी जोनवार तैयार करें।

लापरवाही पर महापौर हुई नाराज

आवासीय क्षेत्रों में मानक के विपरीत लगी होर्डिंग/स्ट्रक्चर की जांच कर एलडीए अनापत्ति जारी करेगा। महापौर ने जगह-जगह खुदी सड़कों को देखते हुए समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग विभाग नई सड़कों के निर्माण में डक्ट व ड्रेनेज आदि की मानक के अनुरूप व्यवस्था करें। पुलिस आयुक्त, मंडलायुक्त और एलडीए उपाध्यक्ष के बैठक में न पहुंचने पर महापौर ने नाराजगी जताई जताते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत करने की बात कही। बैठक में जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार, नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह, सीडीओ अजय जैन, एलडीए अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा, अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) के साथ नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, जल निगम, समाज कल्याण, एनएचएआई, स्मार्ट सिटी, परिवहन निगम, परिवहन विभाग, लेसा आदि विभाग के अधिकारी रहे।

भूखंड बेचने से पहले जमा करेंगे डेवलपमेंट चार्ज

बैठक में एलडीए द्वारा बिना मानचित्र के कॉलोनी विकसित करना और भूखंड बेचने की समस्या से अवगत कराया गया। इस पर महापौर ने सभी अधिकारियों के साथ चर्चा की और सुझाव लिए। जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने निर्देश दिए कि बिल्डर भूखंड बेचने से पहले बिजली, पानी, सीवर/ड्रेन, सड़क, पार्किंग, पार्क आदि व्यवस्थाओं व सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों को डेवलपमेंट चार्ज जमा करेंगे और नोटिस जारी होने पर भारमुक्त होने के उपरान्त कॉलोनी निर्माण करेंगे।

भिक्षुगृह निर्माण के लिए मांगा प्रस्ताव

महापौर ने शहर में भिक्षावृत्ति में लिप्त व्यक्तियों व बच्चों के उत्थान व रहने के लिए भिक्षुगृह बनाने के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग से भिक्षावृत्ति से मुक्त कराने के लिए धनराशि आवंटन का प्रस्ताव तैयार मांगा। वहीं, जल निगम को निर्देश दिए कि एसटीपी व एसकेडी का कार्य 15 अगस्त तक आवश्यकतानुसार मैनपावर बनाकर पूर्ण करें। जोन-1 में लक्ष्मण मेला तक लगभग 75 किमी सीवर लाइन 20 अगस्त तक पूर्ण करने के साथ नीलमथा व आसपास क्षेत्रों में वाटर पाइप लाइन के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराएं।

यह भी पढ़ेः जाम से बचना हो तो कल विधानसभा मार्ग से रहे दूर, द्वितीय सत्र शुरू होने से लगा डायवर्जन

संबंधित समाचार