शाहजहांपुर : शातिर अपराधी बॉर्डर और उसके दो भाइयों की ढाई करोड़ की संपत्ति कुर्क
डीएम के आदेश पर गैंगस्टर के मुकदमे की गई कार्रवाई
शाहजहांपुर, अमृत विचार। डीएम के निर्देश पर जिला बदर अपराधी सोहेल बॉर्डर और उसके दो भाइयों की सदर बाजार पुलिस ने रिहायशी संपत्ति को कुर्क किया है। शहर और दो गांव में संपत्ति कुर्क की गयी और कुर्क की गई संपत्ति ढाई करोड़ की बताई जा रही है। तीनों भाईयों पर गैंगस्टर समेत कई मुकदमें दर्ज है। कुर्क की कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी, एसडीएम सदर और तहसीलदार समेत भारी मात्रा पुलिस फोर्स तैनात था।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला अलीजई निवासी सोहेल उर्फ बॉर्डर के दो भाई कामरान और इमरान है। तीनों भाइयों का अपराधिक इतिहास है। सुहेल उर्फ बॉर्डर के खिलाफ दो दर्जन और उसके भाई कामरान व इमरान के खिलाफ 12-12 मुकदमें दर्ज है। यह मुकदमें हत्या, रंगदारी, जमीन पर कब्जा, मारपीट, गैंगस्टर, शस्त्र अधिनियम के दर्ज है।

एक माह पूर्व कांट क्षेत्र में सोहेल उर्फ बार्डर मुर्गे लड़ाते हुए दिखायी दिया था और उसका वीडियो वायरल हुआ था। कांट थाना में एक मुकदमा दर्ज किया गया था। जिला मजिस्ट्रेट ने तीनों भाइयों को जिला बदर अपराधी घोषित कर दिया था। कई मुकदमों में फरार चल रहे थे। डीएम तीनों भाइयों की संपत्ति कुर्क करने के निर्देश दिए थे।
रविवार की दोपहर सीओ सिटी, एसडीएम सदर, तहसीलदार तथा सदर बाजार पुलिस मोहल्ला अलीजई में उनके आवास गयी। अधिकारियों ने मकान के अंदर रहने वाले अपराधियों के परिवार वालों से संपत्ति के बारे में जानकारी की। पुलिस ने परिवार के रहने के लिए मकान का कुछ हिस्सा छोड़कर अन्य पूरी संपत्ति को कुर्क कर लिया। पुलिस ने मकान के गेट पर ताला डाल दिया।

यहां पर संपत्ति कुर्क करने के बाद अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ सेहरामऊ दक्षिणी के पैत्रक गांव भरगवां तथा पसगवां में उनके मकान पर गए। पुलिस ने यहां पर भी तीनों अपराधियों की संपत्ति व जमीन कुर्क की है। पुलिस ने तीनों स्थानों पर डुगडुगी पिटवायी। सदर बाजार प्रभारी निरीक्षक रवीन्द्र सिंह ने बताया कि तीनों भाइयों की ढाई करोड़ की सपत्ति कुर्क की गयी है। महिलाओं और बच्चों का कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया है।
मोहल्ला अलीजई के जिला बदर अपराधी सुहेल उर्फ बार्डर और उसके दो भाई कामरान व इमरान गैंगस्टर के तहत संपत्ति कुर्क की गयी। महिलाओं और बच्चों के लिए कुछ संपत्ति छोड़ दी गई है। साथ ही सेहरामऊ दक्षिणी के गांव भरगवां व पसगवां में जमीन भी कुर्क की गयी है-सौम्या पाण्डेय, सीओ सिटी
ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: लकड़ी भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बच्चे की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
