आगरा/कासगंज: जिद पर अड़ी 'भोले की मीरा', ताजमहल में जल चढ़ाकर करुंगी भगवान शिव का अभिषेक

Amrit Vichar Network
Published By Vivek Sagar
On

आगरा/कासगंज, अमृत विचार। श्रावण मास के दूसरे सोमवार को कासगंज से कांवड़ लेकर हिंदू महासभा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ताजमहल के पास पहुंच गई और ताजमहल को तेजो महालय बताते हुए वहां जलाभिषेक करने की जिद पर अड़ गई। लेकिन पुलिस ने महिला को बेरिकेडिंग पर ही रोक लिया। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर कांवड़ को नगर के राजेश्वर मंदिर में चढ़वा दिया गया।

एक भगवान श्रीकृष्ण की मीरा थी तो कलयुग में भोले नाथ की भक्ति में डूबी एक और मीरा सामने आई है। जो कासगंज के लहरा गंगा घाट से तीर्थ नगरी सोरों होती हुई सावन के दूसरे सोमवार पर आगरा के ताजमहल पहुंच गई और वहां सुरक्षा की बेड़ियों को तोड़ते हुए ताजमहल में भगवान शिव का जलाभिषेक करने की जिद पर अड़ गई। सुरक्षा कर्मी उन्हें समझाते रहे, लेकिन उनकी एक जिद थी कि वे ताजमहल को तेजो महालय मानती है और यहीं भोले नाथ का अभिषेक करेगी।
 
भोले नाथ की भक्ति में डूबी यह महिला मीरा राठौर है। जो रविवार को कासगंज के रास्ते भगवान शिव की अराधना करती हुई आगरा के ताजमहल तक पहुंच गई। जहां उन्होंने ताजमहल में घुसने का प्रयास किया। उनकी जिद थी कि वे यहीं भोलेनाथ का जालभिषेक कर पूजा अर्चना करेगी। हिंदू महासभा से जुड़ी मीरा राठौर दावा करती हैं कि यह ताजमहल नहीं, बल्कि तेजो महालय स्थान है। भोले बाबा ने उन्हें सपना दिया था और वह अब भोले नाथ का जलाभिषेक करने के लिए ताजमहल तक आई है। 

लेकिन उन्हें सुरक्षा और अन्य कारणों का हवाला देते हुए ताजमहल के पश्चिमी गेट पर महिला को रोक लिया गया। जिससे महिला में आक्रोश बढ़ गया, लेकिन वह भोलेनाथ की भक्ति में इस तरह लीन रही कि सुरक्षा कर्मियों पर उनकी भक्ति हावी दिखाई देती रही। कई घंटे तक बैरियर पर हंगामा चलता रहा। महिला ने कहा कि वह तेजो महालय भगवान शिव मंदिर जिसे अब ताजमहल कहा जा रहा है वहां शिवलिंग पर गंगाजल चढ़ाने आई हूं। 

ताजगंज की रहने वाली हैं मीरा राठौर 
अखिल भारतीय हिंदू महासभा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर मूलरूप से आगरा के ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली हैं। वह सोमवार को सुबह अपने कांधे पर कांवड़ सजाकर ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंच गई। लगभग दो घंटे की जद्दोजहद सुरक्षा कर्मियों से हुई। इस दौरान अन्य कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए।  

फिर राबली मंदिर पर चढ़वाई कांवड़ 
मीरा अपनी जिद पर अड़ी रही तो पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और महिला को काफी समझाया। मीरा कहना था कि सपने में भोलेनाथ के दर्शन हुए हैं। भगवान के स्वरूप के साथ नंदी के भी दर्शन हुए। उन्हें ताजमहल में ही गंगा जल चढ़ाना है। अधिकारियों के समझाने के बाद महिला मानी और फिर कांवड़ को महादेव के राबली मंदिर पर चढ़वाया गया। 

अब मीरा तो पहले मीना कर चुकी हैं प्रयास 
अभी तो मीरा ने कांवड़ से जल चढ़ाने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले वर्ष 2019 में मीना दिवाकर नाम की महिला ने ताजमहल में आरती की थी और वह यहां कांवड़ चढ़ाने का प्रयास कर चुकी है। हिंदू महासभा के कार्यकर्ता संजय ने बताया कि मीना दिवाकर के खिलाफ छह एफआईआर दर्ज हैं। सभी मामले ताजमहल पर कांवड़ चढ़ाने और शिव आरती करने से हुए हैं। 

एसपीपी ताज सुरक्षा सैय्यद अरीब अहमद ने बताया कि महिला को समझाकर महादेव मंदिर में अभिषेक कराया गया और जहां शिव मंदिर में अन्य श्रद्धालु कांवड़ चढ़ा रहे थे वहां महिला की कांवड़ को चढ़वाई गई है।

संबंधित समाचार