ओपी हत्याकांड: परिजनों को BJP के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बंधाया ढांढ़स, सौंपी गई 3 लाख की सहायता राशि

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। सपा कार्यकर्ता ओमप्रकाश सिंह की नृशंस हत्या के 10 दिन बाद भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह सोमवार को उनके घर पहुंचे और परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। पूर्व सांसद ने परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए उन्हें दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी‌‌। सांसद के साथ मौजूद उनके दो समर्थकों ने भी परिवार को अपनी तरफ से एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की। 

पूर्व सांसद ने कहा कि मामले में पुलिस अपना काम कर रही है। किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा। सीबीआई जांच के सवाल पर पूर्व सांसद ने कहा कि घटना पूरी तरह साफ है। जिन आरोपियों ने यह हत्या की है उनकी गिरफ्तारी हो चुकी है तो अब इसमें सीबीआई जांच का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह मुख्यमंत्री से मिलकर पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग करेंगे। 

WhatsApp Image 2024-07-29 at 16.27.20_fb78ae98

परसपुर थाना क्षेत्र के राजा टोला मोहल्ले के रहने वाले सपा कार्यकर्ता ओमप्रकाश सिंह की 19 जुलाई को दिनदहाड़े घर में घुसकर हत्या कर दी गयी थी। मामले में उनकी पत्नी ने भाजपा सभासद उदयभान सिंह उर्फ लल्लन व उनके तीन बेटों समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज करायी थी। पुलिस सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं इस घटना के 10वें दिन भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह सोमवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। परिजनों से मिलकर उन्होंने अपनी संवेदना जतायी और उनकी हर संभव मदद का भरोसा दिया। 

सांसद ने परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी दी। वहीं पत्रकारों से बात करते हुए पूर्व सांसद ने कहा कि यह नृशंस हत्या है और सिर्फ वहीं नहीं बल्कि हर कोई चाहे वह किसी दल का जन प्रतिनिधि हो कोई इस तरह की घटना का समर्थन नहीं कर सकता। सभ्य‌ समाज में इस तरह की घटना कतई बर्दाश्त नहीं की जा सकती। मामले में पुलिस अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। इस दौरान सांसद के साथ मौजूद पिंकू सिंह पसका व पुरैना गांव के प्रधान जन्मेजय सिंह ने भी परिवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

ये भी पढ़ें- गोंडा: नेटवर्किंग कंपनी में ट्रेनिंग दिलाने के बहाने बिहार ले जाई जा रहीं थीं 16 नाबालिग लड़कियां, RPF ने रेस्क्यू कर चाइल्ड लाइन को सौंपा

संबंधित समाचार