Etawah: स्पोर्ट्स कॉलेज में रैगिंग, सीनियर छात्रों ने जूनियरों को पीटा...मुर्गा भी बनाया, Video वायरल होने पर हरकत में आया प्रशासन
रैंगिंग करने का वीडियो किया गया वायरल, कॉलेज प्रशासन पर सवालिया निशान
इटावा, अमृत विचार। मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज के सीनियर छात्रों ने जूनियरों से रैगिंग कर मारपीट करते हुए मुर्गा बनाया। वीडियो वायरल किए जाने पर मामला सामने आया। हालांकि इस वायरल वीडियो का अमृत विचार डॉट कॉम पुष्टि नहीं करता है, लेकिन समूचे प्रशासन में चर्चा का विषय बना हुआ है।
घटना 28 जुलाई की रात साढ़े 11 बजे की है। रैगिंग और पिटाई के बाद घायल हुए छात्र को सैफई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना के बाद छात्रों द्वारा लगाए गए आरोपों से प्रशासन सकते में आ गया।
प्रभारी प्रधानाचार्य एवं एसडीएम सैफई दीपशिखा अवकाश पर होने के कारण उन्होंने तहसीलदार जावेद अंसारी को मौके पर भेज कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए है। इस कॉलेज में संचालित आठ खेलों के 480 छात्र पंजीकृत है। जो कॉलेज परिसर में बने हॉस्टल के अंदर रहते है।
रविवार रात साढ़े 11 बजे हॉस्टल के अंदर कक्षा 11 व 12 के सीनियर छात्रों ने नए एडमिशन में आने वाले कक्षा छह के छात्रों के साथ रैगिंग कर मारपीट की है। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल किया तब हलचल हुई। वीडियो में कक्षा छह का छात्र आदित्य कुमार रोते हुए नजर आ रहा है।
कक्षा 10 का छात्र श्रीकांत शुक्ला रोते हुए छात्र का वीडियो बनाकर सीनियर छात्रों पर रैगिंग करने का आरोप लगा रहा है। वीडियो में जूनियर छात्र कहते नजर आ रहे हैं भैया उन लोगों ने बहुत मारा है।
भैया वे लोग कहते हैं कि तुम लोग गाली देते हो, इसलिए मारा है। और हम लोगों को मुर्गा भी बनाया गया है। तहसीलदार जावेद अंसारी का कहना है कि छात्रों के अलग-अलग बयान दर्ज किए गए हैं। मारपीट में घायल हुए छात्र का मेडिकल कराया गया है। रैगिंग का मामला अभी प्रतीत नहीं हो रहा है लेकिन जांच हर पहलू की जा रही है।
