बरेली: बीमार मां को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया सौतेला बेटा, मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। सौतेले बेटे की मनमानी के कारण एक महिला की जान चली गई। मायके पक्ष के लोग शव लेकर प्रेमनगर थाने पहुंचे और महिला के पति व बेटे पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि …

बरेली, अमृत विचार। सौतेले बेटे की मनमानी के कारण एक महिला की जान चली गई। मायके पक्ष के लोग शव लेकर प्रेमनगर थाने पहुंचे और महिला के पति व बेटे पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

प्रेमनगर के जाटवपुरा निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में बहन गीता की शादी मुरादाबाद के चंदौसी कस्बे के पंचशील कॉलोनी निवासी प्रताप सिंह से की थी। प्रताप सिंह की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। उससे प्रताप के तीन बच्चे हैं। शादी के कुछ दिन बाद प्रताप व उसके बेटे गीता को आए दिन परेशान करते रहते थे। यही नहीं कम दहेज लाने का भी ताना देते थे। पति व सौतेले बेटे के उत्पीड़न से गीता मानसिक तनाव से ग्रस्त हो गई।

कुछ दिन बाद गीता गंभीर रूप से बीमार हो गई। अनिल ने बताया कि सौतेला बेटा दो दिन पहले अपनी कार से गीता को अस्पताल में छोड़कर भाग गया। जब वह अस्पताल पहुंचे तो डॉक्टरों ने बताया कि गीता की हालत बेहद गंभीर है। कुछ देर बाद गीता की मौत हो गई। अनिल ने बताया कि गीता की मौत उनके सौतेले बेटे और पति प्रताप सिंह के उत्पीड़न के कारण बीमार पड़ने से हुई है।

“परिजनों से तहरीर ले ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।”–अवनीश कुमार यादव, इंस्पेक्टर प्रेमनगर

संबंधित समाचार