लखनवी तहजीब शर्मसार : शोहदों का हुड़दंग, पानी उछाला, बाइक खींच कर युवती को गिराया, उठाने के बहाने की छेड़खानी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोमतीनगर में अंबेडकर पार्क के पास वारदात, वीडियो वायरल, फुटेज से आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस, आयुक्त ने गिरफ्तारी के लिए लगाईं तीन टीमें

लखनऊ, अमृत विचार: राजधानी के अतिसुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्र में डेढ़ घंटे की झमाझम बारिश के बाद हुड़दंगी बेकाबू हो गए। गोमतीनगर में ताज होटल और अंबेडकर पार्क के पास जलभराव के बीच आने-जाने वालों के साथ बदतमीजी कर लखनवी तहजीब को शर्मसार कर दिया। वाहनों पर चुल्लू से पानी फेंका। कार सवार तो जैसे-तैसे निकल गए लेकिन कई दोपहिया वाहन सवारों को उन्होंने धक्का देकर गिराया।

एक बाइक सवार युगल पर हुड़दंगियों की नजर पड़ी तो वह झपट पड़े। दोनों ओर से उन पर पानी उछाला। एक ने पीछे से खींच कर बाइक गिरा दी। दोनों गिर पड़े तो युवती को उठाते हुए एक ने छेड़खानी की। साथी उसे बचाने का प्रयास करता रहा। इसका 19 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। फिलहाल पुलिस आयुक्त अमरेंद्र सिंह सेंगर ने मामले का संज्ञान लेकर अराजकतत्वों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई हैं। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पवन यादव और सुनील कुमार की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की निशानदेही पर उनके साथियों की तलाश की जा रही है। 

 स्कूटी सवार को गिराया, कार की खिड़कियां खुलवाकर पानी फेंका

 अराजक तत्वों के निशाने पर कई वाहन चालक रहे। एक स्कूटी सवार हेलमेट लगाकर निकल रहा था। उसे घेर कर पहले उसके ऊपर पानी फेंका, फिर स्कूटी समेत उसे गिरा दिया। इसके कुछ देर बाद कार सवार निकले। कार घेर कर रुकवाने के बाद जबरन खिड़कियां खुलवाकर अंदर मौजूद लोगों पर पानी फेंका।

चंद कदम पर एडीसीपी पूर्वी व एसीपी गोमतीनगर कार्यालय

घटना स्थल से एडीसीपी पूर्वी और एसीपी गोमतीनगर का कार्यालय करीब एक किलोमीटर की दूरी पर ही होगा। अराजक तत्व करीब एक घंटे तक वाहन चालकों को निशाना बनाते रहे। वह भी दिनदहाड़े, लेकिन इसके बाद भी किसी पुलिसकर्मी को इसकी भनक तक नहीं लगी। घटना स्थल से 1090 चौराहा और डायल 112 का कार्यालय भी नजदीक है।

यह भी पढ़ें- ओवरस्पीडिंग : ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोगों की सड़क दुर्घटना में मौत

संबंधित समाचार