मुरादाबाद: प्रेमिका से मिलने को रच दिया अपहरण का नाटक
मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला क्षेत्र से दो दिन पहले लापता युवक को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है। युवक रविवार की सुबह एटीएम से 50 हजार रुपये निकालने के लिए घर से निकला था, इसके बाद से लापता हो गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए दिल्ली …
मुरादाबाद,अमृत विचार। मझोला क्षेत्र से दो दिन पहले लापता युवक को पुलिस ने दिल्ली से बरामद कर लिया है। युवक रविवार की सुबह एटीएम से 50 हजार रुपये निकालने के लिए घर से निकला था, इसके बाद से लापता हो गया था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए दिल्ली चला गया था। रकम खर्च होने पर उसने परिजनों को फोन करके अपहरण व लूट की झूठी सूचना दे दी।
मझोला थाना क्षेत्र के लाकड़ी फाजल निवासी आसिफ एक निर्यात फर्म में ठेकेदारी करते हैं। सोमवार को मझोला थाने पहुंचकर उन्होंने अपने भतीजे अजीम खां उर्फ राजा की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उनका कहना था अजीम भी उनके साथ ठेकेदारी करता है। रविवार को एटीएम ब्लाक होने के कारण उन्होंने अजीम के खाते में 50 हजार रुपये मंगवाए थे। सुबह करीब दस बजे वह एटीएम से रकम निकालने की बात कहकर बाइक से निकला था। इसके बाद से लापता हो गया।
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो अजीम की बाइक एक पेट्रोल पंप के पास लावारिस हालत में मिली। सीसीटीवी चेक करने पर मालूम हुआ कि अजीम खुद अपनी बाइक खड़ी करके गया है। इस बीच अजीम ने परिजनों को फोन करके बताया कि वह रकम निकालने के बाद जैसे निकला तो कार सवार लोगों ने उसे नशा सुंघा दिया। बाद में रकम निकालने के बाद दिल्ली में जामा मस्जिद के पास छोड़ गए। दिल्ली पहुंची पुलिस उसे वापस लेकर आई और पूछताछ की तो मामला प्रेम प्रसंग का निकला।
एसओ राकेश कुमार सिंह के अनुसार अजीम दिल्ली में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने गया था, जो बिजनौर की रहने वाली है। रकम निकालने के बाद उसने अपनी प्रेमिका को फोन किया और पेट्रोल पंप पर बाइक खड़ी करके चला गया। अधिकतर रकम खर्च होने पर उसने अपहरण और लूट की फर्जी सूचना परिजनों को दे दी। फिलहाल युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
