बदायूं: लापता बालक की तलाश में बिहार गई पुलिस, बरेली में ट्रेन से किया बरामद
पुलिस ने दर्ज की थी अपहरण की रिपोर्ट, मोबाइल नंबर का लोकेशन लेती रही पुलिस
बदायूं, अमृत विचार। 10 दिन पहले लापता हुए 9 साल के बालक को पुलिस ने बरेली में ट्रेन से बरामद कर लिया। बालक की तलाश करते हुए पुलिस बिहार तक पहुंची। मोबाइल नंबर का लोकेशन लेती रही। ट्रेन में तलाशी करती रही। बरेली में ट्रेन पहुंची तो पुलिस ने बालक को बरामद कर लिया। थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के गांव राज टिटौली निवासी विमल कुमार ने अपने 9 साल के बेटे सुमित कुमार के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उपनिरीक्षक जगवीर सिंह विवेचना कर रहे थे। सुमित कुमार के दादा जसवंत ने उन्हें फोन करके बताया कि सुमित ने एक मोबाइल नंबर से उन्हें फोन किया था। बताया कि वह अतरोली रेलवे स्टेशन पर है। वह बालक की तलाश करते हुए जिला अलीगढ़ के अतरोली के रेलवे स्टेशन पहुंचे।
इधर-उधर तलाश करने के बाद भी बालक की जानकारी नहीं हो सकी। जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की। सर्विलांस सेल से लोकेशन निकलवाई। जो बिहार की जगह खुदरा की निकली। विवेचक ने प्रभारी निरीक्षक को अवगत कराया। विवेचक अलीगढ़ से बिहार चले गए। उस मोबाइल नंबर की लोकेशन मुगल सराय जाने वाली ट्रेन की आई। विवेचक ट्रेन में बैठ गए।
ट्रेन में बालक को तलाश करते हुए हरदोई तक आ गए। विवेचक ने फिर से लोकेशन की जानकारी की तो वह हरदोई की मिली। वह पुष्ट हो गए कि बालक ट्रेन में ही है। ट्रेन बरेली पहुंची। ट्रेन से सुमित को बरामद कर लिया गया। एसपी देहात केके सरोज ने बताया कि बालक की तलाश में पुलिस बिहार पहुंची थी। लोकेशन ट्रेस करते हुए बरेली में ट्रेन से बालक को बरामद करके उसके पिता के सुपुर्द कर दिया है।
यह भी पढ़ें:-बढ़ सकती हैं केशव मौर्य की मुश्किलें..., “पार्टी, सरकार से बड़ी होती है” बयान को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर
