तुम हमें जानते नहीं हो, एक मिनट में..., कार सवारों ने बाइक सवार दारोगा को टक्कर मारी, वर्दी उतरवाने की दी धमकी
कैंट थाना क्षेत्र का मामला, कार सवार तीन आरोपियों के खिलाफ दर्ज कराई रिपोर्ट
लखनऊ, अमृत विचार। कैंट क्षेत्र में कार की टक्कर से बाइक सवार दारोगा गिरकर घायल हो गया। हद तो तब हो गई जब कार से उतरे तीन युवक दारोगा का ही कॉलर पकड़ कर वर्दी उतरवाने की धमकी देने लगे। इस बीच भीड़ जुटती देख आरोपी भाग निकले। फिलहाल दारोगा ने कैंट कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सआदतगंज कोतवाली में तैनात आनन्द कुमार सिंह ने थाने में प्रार्थना-पत्र दिया। बताया उनकी ड्यूटी विधानसभा सत्र में लगी थी। बुधवार को वह बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। कैंट स्थित बड़ी लाल कुर्ती तिराहे के पास पीछे से आई कार ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे आनन्द कुमार बाइक से समेत अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर कर घायल हो गये। राहगीरों ने दारोगा और बाइक उठा कर किनारे खड़ा किया।
तुम हमें जानते नहीं हो, एक मिनट में वर्दी उतरवा देंगे
इसी बीच कार से तीन युवक पहुंचे और उनका कॉलर पकड़ कर धमकाना शुरू कर दिया। एक युवक ने कहा कि तुम हमें जानते नहीं हो। एक मिनट में वर्दी उतरवा देंगे। युवकों को कुछ राहगीरों ने रोकने का प्रयास किया तो उल्टे उन्हें भी धमकी देने लगे। आनन्द ने डॉयल 112 पर फोन किया। तो पुलिस कर्मियों को आते देख कार सवार तीनों युवक भाग निकले। आरोपियों की पहचान अजय कुमार, आदर्श सिंह और सौरभ सिंह के तौर पर हुई। एसओ कैंट ने बताया कार नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें:-बढ़ सकती हैं केशव मौर्य की मुश्किलें..., “पार्टी, सरकार से बड़ी होती है” बयान को लेकर हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर
