NHM: संयुक्त एनएचएम कर्मचारी संघ ने सीएचओ संगठन के अध्यक्ष को भेजा नोटिस, जानिये वजह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की तरफ से सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (सीएचओ) के प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री को नोटिस भेजा गया है। बताया जा रहा है कि सीएचओ संघ की तरफ से पत्राचार के जरिये संयुक्त एनएचएम कर्मचारी संघ के महामंत्री पर आधारहीन आरोप लगाया गया था। जिसके चलते यह नोटिस भेजा गया है। वहीं सीएचओ संघ की तरफ से कहा गया है कि उन्होंने किसी के ऊपर कोई आरोप नहीं लगाया, बल्कि सीएचओ संघ ने धन उगाही का आरोप लगने वाले संगठन का समर्थन न करने की बात कही थी। जिससे संविदा कर्मचारियों और सीएचओ के हितों पर विपरीत असर न पड़े।

दरअसल, संयुक्त एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री योगेश उपाध्याय पर कोविड के समय काम करने वाले कर्मचारियों ने चंदा लेने का आरोप लगाया था। कोविड कर्मचारियों का आरोप था कि उनका समायोजन कराने के नाम पर पैसा लिया गया है। हालांकि आरोप लगाने वाले कर्मचारियों ने यह भी माना था कि प्रति व्यक्ति करीब 300 रुपये लिये गये हैं। जिसके बाद  संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. अनिल गुप्ता ने इन आरोपों को निराधार बताया था। उन्होंने कहा था कि संगठन से जुड़ने के लिए कर्मचारियों ने सदस्यता शुल्क दिया था। इस दौरान उन्होंने आरोप लगाने वाले लोगों पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कही थी। इसी के चलते संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की तरफ से सीएचओ संघ के अध्यक्ष को नोटिस भेजा गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी संघ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष चौधरी बलेश कुमार ने कहा है कि उन्होंने कोई आरोप नहीं लगाया है। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ के पदाधिकारी पर पैसा लेने का आरोप लग रहा था। जिसका एक पत्र भी वायरल हुआ था। जिसके बाद संगठन की तरफ से पत्र जारी कर एसोसिएशन ऑफ कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर्स से धन उगाही का आरोप लगने वाले संगठन का समर्थन न करने की बात कही गई थी। जिसके बाद आज यह नोटिस भेजा गया है।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: लोहिया संस्थान में बड़ी कार्रवाई, इलाज में लापरवाही बरतने पर 6 डॉक्टर समेत 13 निलंबित

संबंधित समाचार