मिर्जापुर: शिकायतों का त्वरित निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करें विभागीय अधिकारी- जिलाधिकारी
जनपद के चारों तहसीलों में शासन के मंशानुरूप आयोजित किया गया सम्पूर्ण समाधान दिवस
मिर्जापुर, अमृत विचार। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन के मार्ग निर्देशन में जनपद के चारों तहसीलों यथा-मड़िहान, चुनार, लालगंज व सदर में जन सामान्य की समस्याओं को त्वरित निस्तारण के लिये शासन के मंशानुरूप सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार द्वारा तहसील मड़िहान में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को सुना गया।
इसी प्रकार तहसील चुनार में अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 शिव प्रताप शुक्ल, तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी भू0/रा0 सत्य प्रकाश सिंह व तहसील लालगंज में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे देवेन्द्र प्रताप सिंह के द्वारा जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में आये हुये फरियादियों की समस्याओं को सुना गया।
जिलाधिकारी के समक्ष तहसील मड़िहान में कुल 41 प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से 03 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारित किया। इस दौरान शेष को सम्बन्धित अधिकारियों को प्रेषित करते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्बन्धित विभाग के अधिकारी सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि राजस्व/भूमि विवाद से सम्बन्धित अधिकांश प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए हैं। अतएव राजस्व अधिकारी मौके पर पहुंचकर भौतिक सत्यापन के पश्चात ही संतुष्टिपरक निस्तारण करें। इसी प्रकार तहसील चुनार में 72 प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से मौके पर 03 का निस्तारण, तहसील सदर में 94 में 12 का निस्तारण एवं तहसील लालगंज में 53 प्राप्त प्रार्थना पत्रों में से 11 प्रार्थना पत्रों का मौके पर निस्तारण किया। साथ ही शेष प्रार्थना पत्रों को निस्तारण के लिए सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुये निर्देशित किया कि निर्धारित समयावधि में निस्तारण कर निस्तारण आख्या सम्बन्धित तहसील को प्रेषित कर दें।
इस अवसर पर तहसील मड़िहान में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, उप जिलाधिकारी मड़िहान युगांतर त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक नितेश सिंह, जिला विकास अधिकारी श्रवण कुमार राय, उपायुक्त एन0आर0एल0एम0, मुख्य चिकित्साधिकारी सी0एल0 वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी शक्ति त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा के अलावा अधिशासी अभियन्ता विद्युत, सिंचाई, जल निगम, लोक निर्माण विभाग सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहें।
ये भी पढ़ें- मिर्जापुर में बड़ा सड़क हादसा, बस ने लोडर आटो को मारी टक्कर, तीन की मौत-बीस घायल
