कासगंज: इस्लाम धर्म अपनाकर हार्षित से बना नवाब, अब कमरे में झूलता मिला कंकाल

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

कासगंज के युवक का शव मैनपुरी में मिला, मुस्लिम दुकानदार के पास करता था काम

कासगंज, अमृत विचार। धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बने कासगंज के अमांपुर के युवक का शव मैनपुरी से बरामद हुआ। संदिग्ध परिस्थियों में युवक का कंकाल एक मकान के कमरे में फंदे पर झूलता मिला। इस घटना के बाद कुरावली पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की शुरू की। बताया जा रहा है कि युवक बीते कुछ सालों से कुरावली में ही रहा था। 

दरअसल कस्बा अमांपुर के युवक हर्षित गुप्ता ने कुछ पहले ही अपना धर्म परिवर्तन कर इस्लाम अपना लिया था। इस्लाम धर्म अपनाने के बाद वह हर्षित से नवाब बन गया। धर्मपरिवर्तन के बावजूद परिजनों से अक्सर बातचीत होती थी। मगर परिजनों के मुताबिक बीती 16 जुलाई से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। काफी तलाशने के बावजूद कोई सुराग नहीं लगा तो परिजन जिला मैनपुरी थाना क्षेत्र कुरावली पहुंच गए। इसी इलाके में हर्षित जावेद नाम के शख्स के पास काम करता था। लिहाजा उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। हरकत में आई पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो गांव दिवरई निवासी जावेद पठान के मकान पर पहुंची। जावेद के मकान के एक कमरे में हर्षित भी रहता था। लेकिन पुलिस पहुंची तो कमरे से दुर्गंध आ रही थी। जिसके बाद पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाकर देखा। अंदर का नाजारा देख पुलिस भी हैरान रह गई। कंकाल बन चुका शव फंदे पर झूल रहा था। जिसकी शिनाख्त परिजनों ने हर्षित के रूप में की। पुलिस के शक की सुई जावेद पठान पर भी गहरा गई। लिहाजा उसको हिरासत में लिया गया है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का सही कारण स्पष्ट हो जाएगा। उससे पहले परिजनों ने अपहरण कर हर्षित की हत्या का आरोप लगाया है। थाना कुरावली इंस्पेक्टर धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार