वारदात : दिनदहाड़े घर में घुसकर वृद्धा की गला कसकर हत्या
घर पर अकेली रहती थी महिला, सात वर्ष पूर्व पति को हो चुकी है मौत
लखनऊ / सरोजनीनगर, अमृत विचार। सरोजनीनगर थाना अंतर्गत सेक्टर- एफ, एलडीए कॉलोनी में दिनदहाड़े घर में घुसकर सरला काका (72) की बदमाशों ने गमछे से गला कसकर हत्या दी। वारदात को अन्जाम देकर हत्यारोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिणी (डीसीपी साउथ) तेज स्वरूप सिंह के मुताबिक, एलडीए कॉलोनी सेक्टर-एफ कॉलोनी निवासी सरला काका अकेले ही घर पर रहती थी। सात वर्ष पूर्व पति अशोक काका की मौत हो गई थी, वह रेलवे विभाग से स्टेनो के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। जांच के दौरान यह बात सामने आई कि वृद्धा का बेटा अमित काका गोरखपुर की सीमेंट कंपनी में कार्यरत है। जबकि बेटी रश्मि अपने परिवार के साथ अहमदाबाद में रहती है। सोमवार सुबह करीब 11:30 बजे वृद्धा ने मोबाइल पर बेटी से कुछ देर बातचीत की थी। इस बीच नौकरानी रंजीता काम करने घर पर आई थी, जहां आधा घंटे काम करने के बाद वह चली गई थी। करीब एक घंटे बाद रश्मि ने पुन: मां सरला को फोन किया तब कॉल रिसीव नहीं हुई। उसके दूसरा नंबर मिला तो वह बंद जाने लगा। किसी अनहोनी की आशंका पर रश्मि ने चचेरे भाई कमल को कॉल कर मां के घर जाकर जानकारी करने को कहा, लेकिन कमल ने पत्नी साक्षी को सरला के घर पर हालचाल लेने भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि साक्षी सरला के घर की तरफ ही अपने बच्चे को स्कूल से लेने जा रही थी, तभी वह उनके घर पहुंच गई। जहां सरला के घर का दरवाजा बाहर से बंद था, उसने कुंडी खोलकर कमरे में प्रवेश किया तो सरला को देखकर उसकी चीख निकल पड़ी। साक्षी ने बताया कि सरला औंधे मुंह कमरे के अंदर जमीन पर मृत पड़ी थी। उसका गला गमछे से कसा था और दोनों पैर दुपट्टे से बंधे थे। उसके सिर से खून बह रहा था। जबकि सिर के पास ही तकिया पड़ा मिला। कमरे के अन्दर लगी टीवी तेज आवाज में चल रही थी। जमीन पर कई जगह खून के निशान भी मिले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतका ने घटना के दौरान बदमाशों से संघर्ष किया होगा। आनन फानन घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पुलिस के साथ ही डॉग स्क्वाड व फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। फारेंसिक टीम ने घटना स्थल से कुछ नमूने एकत्रित किए हैं।
वहीं डीसीपी (दक्षिणी) तेज स्वरूप सिंह और एसीपी कृष्णा नगर विनय द्विवेदी ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर जायजा लिया। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के परिवार वालों ने बताया कि सरला ने अपने हाथों में सोने की दो चूड़ियां, गले में सोने की चेन, हाथ में सोने की तीन अंगूठी और कानों में सोने के टॉप्स पहने हुए थी, सभी गहने गायब मिले। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने लूट के इरादे से घटना अंजाम दी है। वहीं संदेह जताया जा रहा है कि बदमाशों ने घर के अंदर घुसकर टीवी की आवाज तेज कर सरला के गहने उतारने की कोशिश की। जब सरला ने विरोध किया तो उन्होंने गमछे से गला दबाकर हत्या कर दी और उसके गहने उतारकर फरार हो गए।

उधर आसपास रहने वाले लोगों की माने तो बाइक सवार दो संदिग्ध युवक दोपहर को सरला के घर के आसपास कई चक्कर लगा रहे थे। यह जानकारी मिलने के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से उन संदिग्ध युवकों के बारे में जानकारी कर रही है। प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र गिरी ने लूट जैसी घटना से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि घर के अंदर जाँच पड़ताल की गई तो सारा सामान सुरक्षित मिला है। उनका कहना है कि किसी अन्य बात को लेकर बदमाशों ने हत्या की है। नौकरानी रंजीता को हिरासत में लेकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इस घटना के खुलासे के लिए सर्विलांस सहित पुलिस की चार टीमें बनाई गई हैं, जो सीसीटीवी कैमरे की मदद से बदमाशों का सुराग लगाने में जुट गई हैं।
यह भी पढ़ें- पीएम आवास में धांधली : आवास दिलाने के नाम पर पूर्व सभासद ने बुजुर्ग दम्पत्ति से की धोखाधड़ी
