Unnao: सपा कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया छोटे लोहिया का जन्मदिन, बोले- BJP सरकार ने युवाओं के सपनों को किया चकनाचूर
उन्नाव (शुक्लागंज), अमृत विचार। राजधानी मार्ग स्थित सब्जी मंडी में सोमवार को छोटे लोहिया का जन्मदिन मनाया गया। जहां सपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये और उनके दिखाये रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।
राजधानी मार्ग स्थित सब्जी मंडी में पूर्व सपा जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र शुक्ला के आवास पर छोटे लोहिया के नाम से जाने जाने वाले जनेश्वर मिश्र का जन्मदिन मनाया गया। जहां पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह यादव व सपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किये। इस पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि छोटे लोहिया सभी वर्गों के लोगों को ध्यान में रखकर कार्य करते थे। उन्होंने हमेशा गरीबों और मजलूमों की लड़ाई लड़ी है।
भाजपा सरकार में बेरोजगारी, मंहगाई, भ्रष्टाचार, पुलिस उत्पीड़न बढ़ता जा रहा है। बढ़ती महंगाई के कारण आज व्यापारी और युवा वर्ग के सपनों को प्रदेश सरकार ने चकनाचूर कर दिया है। जिससे हर वर्ग के लोग महंगाई की मार झेल रहे हैं। पूर्व सपा जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र शुक्ला ने कहा कि हम सभी ने श्रद्धेय नेता जी व जनेश्वर मिश्र जी के संकल्प को लेकर पार्टी आगे बढ़ाने का काम करेंगे। इस मौके पर उमा लाल यादव, मिंटू निषाद, रोहित साहू, सूरज सिंह, आजम खान, विक्रम भदौरिया, सर्वेश लोधी, सुरेश गौतम, राहुल यादव, अनूप साहू मौजूद रहे।
