Unnao News: शटरिंग खोलते समय बिल्डिंग से नीचे गिरा मजदूर...मौत, परिजनों में मचा कोहराम
पुलिस ने जांच कर शव पोस्टमार्टम को भेजा
उन्नाव, अमृत विचार। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के टोल प्लाजा के समीप बन रही एक यूनिवर्सिटी में शटरिंग खोलते समय मजदूर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहां मौजूद साथियों उसे इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया। जहां गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में घायल ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ कानपुर हाइवे के किनारे निर्माणाधीन एक यूनिवर्सिटी में मंगलवार रामवीर पुत्र स्व जसवंत निवासी ग्राम बरकेमई थाना परौर जनपद शाहजहांपुर शटरिंग खोल रहा था। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
साथ मे काम कर रहे मजदूरों ने फोरमैन राकेश के साथ उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सक ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन घायल ने अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
मृतक के माता-पिता नही है। एक बड़ा भाई नन्हकू है जो बीमार रहता है। भाई को घटना की सूचना दे दी गई है। अजगैन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अवनीश सिंह ने बताया कि यूनिवर्सिटी में मजदूर की मौत की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
