लखीमपुर खीरी: पुलिस चौकी के पास महिला की चेन लूटकर भागे बदमाश, ताकती रही पुलिस
चौकी प्रभारी ने साधी चुप्पी, सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही पुलिस
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। पुलिस से बेखौफ बाइक सवार दो बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े एक महिला के गले पर झपट्टा मार दिया और चेन लूटकर भाग निकले। मिश्राना पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर स्थित हमदर्द चौराहा पर हुई वारदात ने शहर की पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित महिला ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
शहर के मोहल्ला रामनगर निवासी गुड़िया दो अन्य महिलाओं के साथ कुछ खरीदारी करने आई थी। तीनों मुख्य बाजार मार्ग पर दोपहर करीब तीन बजे हमदर्द दवाखाना के पास पहुंची थी। इसी बीच बाइक पर सवार होकर पीछे से आए दो बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मार दिया और उसकी चेन लूटकर भाग निकले। शोर मचाने पर लोगों ने बाइक सवारों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह हाथ नहीं आए।
खासबात यह है कि जिस जगह पर वारदात हुई। उससे चंद कदम की दूरी पर मिश्राना पुलिस चौकी है। कुछ ही दूरी पर नो इंट्री प्वाइंट है। 200 मीटर की दूरी पर सदर कोतवाली है। नो एंट्री प्वाइंट पर यातायात पुलिस के जवान भी तैनात रहते हैं। प्रत्यक्षतदर्शियों ने बताया कि जिस समय वारदात हुई। उस वक्त नो इंट्री प्वाइंट पर पुलिस मौजूद थी। पुलिस के सामने चेन छीनकर भाग रहे बदमाशों का लोगों ने पीछा किया, लेकिन पुलिस ताकती खड़ी रह गई। लोगों की सूचना पर करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पीड़ित महिला ने सदर कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। मिश्राना चौकी प्रभारी अजीत सिंह ने जब घटना के बारे में पूछा गया तो वह चुप्पी साध गए। वहीं सीओ सिटी रमेश तिवारी का कहना है कि उन्हें वारदात की जानकारी मिली है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
बुजुर्ग महिला को बाइक पर लिफ्ट देकर कुंडल ले उड़े बदमाश
संसारपुर। अमृत विचार: थाना मैलानी क्षेत्र के गांव गांव संसारपुर निवासी शान्ति देवी (70) सीएचसी बांकेगंज से दवा लेकर अपने घर संसारपुर वापस आ रहीं थीं। रास्ते में बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोक लिया और घर छोड़ कर आने का झांसा देकर बाइक पर बैठा लिया। पुलिस चौकी बांकेगंज क्षेत्र में बड़ी नहर के पास गुलाबनगर मार्ग के समीप दोनों युवकों ने बुजुर्ग महिला के दोनों सोने के कुंडल नोच लिए और महिला को वहीं छोड़कर असौवा की तरफ बाइक लेकर भाग निकले। किसी तरह बुजुर्ग महिला ईंट भट्ठा के पास पहुंची। महिला को रोते देख राहगीरों ने कारण पूछा तो महिला ने पूरी जानकारी दी। राहगीरों ने महिला का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया। इस पर पुलिस हरकत में आई। संसारपुर चौकी पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: 38 खाद की दुकानों पर छापेमारी, 15 से भरे गए नमूने...डीएम के निर्देश पर चला अभियान
