बाराबंकी: इस हफ्ते ऐसे ही खुशगवार रहेगा मौसम, छाये रहेंगे बदरा...कम बारिश ने बढ़ाई किसानों की टेंशन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बीते दो दिनों से दिन भर बादल छाए रहने के साथ हवा चलने से मौसम सुहाना रहा। सुबह और दोपहर में जिले के कुछ इलाकों में बारिश हुई, लेकिन अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को मायूसी मिली। हालांकि मौसम विभाग ने नौ अगस्त तक ऐसे ही खुशगवार मौसम रहने और बारिश होने का अनुमान जताया है।

मौसम केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून ट्रफ के उत्तर-पूर्व राजस्थान और उसके आसपास दबाव का केंद्र बना हुआ है। मानसून ट्रफ दक्षिण पूर्व की ओर बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य तक जाती है। इसका असर पूर्व उत्तर प्रदेश पर देखने को मिल रहा है। इसके परिणाम स्वरूप पिछले दो दिनों से हल्की बारिश होने के साथ पूरे दिन बादल छाये रहे। सुबह और दोपहर जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। हालांकि ज्यादातर इलाके बारिश से अछूते रहे। मौसम विभाग ने अभी नौ अगस्त तक ऐसे ही मौसम बने रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान हल्की से मध्यम बारिश होने की भी संभावना है। 

WhatsApp Image 2024-08-07 at 08.15.21_8e2d5737

मानसून की बेरुखी से किसान निराश
मॉनसून की बेरुखी से अन्नदातओं के होश उड़े हुए हैं। धान की फसल को बचाने के लिए जद्दोजहद चल रही है। किसानों को कहना है कि अगर कुछ दिन और बारिश न हुई तो जल्द ही फसलों को बचाने का संकट आ जाएगा। यह संकट इस साल कम बारिश की वजह से हुआ है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह की मानें तो जून, जुलाई और अगस्त में अब तक बारिश औसत से करीब 40 फीसदी कम दर्ज की गई है। जिसके चलके कई किसान तो धान की रोपाई ही नहीं कर पाए। जिन किसानों ने धान की रोपाई कर ली है, उनके सामने फसल को बचाने के लिए सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है। तमाम किसानों की धान की फसल सूख चुकी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि ऐसा चरम जलवायु परिवर्तन की वजह से हो रहा है। आने वाले समय में सर्दी, बरसात और गर्मी के मिजाज में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

ये भी पढ़ें- बाराबंकी: जलस्तर बढ़ने के साथ ही बबुरी गांव में कटान तेज, सुरक्षित ठिकानों की ओर पलायन कर रहे ग्रामीण

संबंधित समाचार