कासगंज : तीन दिन से लापता थी लड़की अब जंगल में पेड़ से झूलता मिला शव
भाई से झगड़ा करने के बाद घर से नाराज होकर निकल गई थी युवती
सिढ़पुरा, अमृत विचार। थाना सिढ़पुरा क्षेत्र में तीन दिन से लापता हुई युवती का शव गांव के ही जंगल में पेड पर झूलता हुआ मिला है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। भाई से कहासुनी होने के बहन ने घर से नाराज होकर जंगल में जाकर आत्म हत्या कर ली।
सिढ़पुरा थाना क्षेत्र के गांव सुल्तानपुर निवासी पोखपाल सिंह की 18 वर्षीय बेटी लक्ष्मी भाई से विवाद के बाद चार अगस्त की शाम को घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने काफी तलाश किया, लेकिन वह नहीं मिली। छह अगस्त को युवती के पिता ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बुधवार को गांव के ही रहने वाले किसान धर्मवीर सिंह अपने खेत में धान की फसल की सिंचाई करने के लिए गया था। दुर्गंध आने पर उसने पाकड़ के पेड के पास जाकर देखा तो लक्ष्मी का शव पेड़ पर झूल रहा था। घटना की सूचना पुलिस के साथ ही मृतक लक्ष्मी के परिजनों को दी गई। मौके पर पहुंचे परिजनों में शव को देखकर कोहराम मच गया। पुलिस ने परिजनों से जानकारी हासिल की। पुलिस ने फोरेसिंक टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्यों को एकत्रित किया और शव का पंचायत नामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
एएसपी व सीओ ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
लापता युवती का शव मिलने की सूचना पर एएसपी राजेश भारतीय और सीओ राजेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य एकजुट करने के निर्देश दिए। बाद में उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच पड़ताल शुरु कर दी है।
वर्जन
तीन दिन से लापता युवती को शव जंगल में पेड़ पर लटकता हुआ मिला है। शव को पेड से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। हर पहलू पर जांच की जा रही है। -राजेश भारतीय, एएसपी।
