MBBS के 100 छात्रों को मिलेगा प्रवेश : सितंबर से संचालित हो जायेगा जिले का राजकीय मेडिकल कालेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार: मेडिकल की पढाई करने की राह देख रहे छात्र छात्राओं को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिले के स्वायत्तशासी राजकीय मेडिकल कालेज में इसी सत्र से पढाई प्रारंभ हो जायेगी। सत्र संचालन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। बस मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया से मान्यता मिलने की प्रक्रिया चल रही है‌। उम्मीद है कि सितंबर में मान्यता की कार्रवाई भी पूरी हो जायेगी। इसके साथ ही नीट की दूसरी काउंसलिंग में छात्र यहां की सौ एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश ले सकेंगे।

जिले में स्वायत्तशासी राजकीय मेडिकल कालेज लगभग बनकर तैयार हो चुका है‌। 283 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस मेडिकल कालेज का 90 फीसदी निर्माण कार्य पूरा हो चुका है‌। शेष कार्य भी प्रगति पर है। कालेज की सभी फैकल्टी में प्रोफेसर्स की तैनाती भी हो चुकी है। मेडिकल कालेज प्रशासन इस सत्र में इसके संचालन की पुरजोर कोशिश कर रहा है‌। हालांकि मेडिकल काउंसिल ने अभी इस कालेज को मान्यता नहीं दी है लेकिन उम्मीद है कि अगले महीने तक सभी कोरम पूरा कर लिया जायेगा और कालेज को मान्यता मिल जायेगी। मान्यता मिलने के बाद कालेज का संचालन प्रारंभ हो जायेगा। 

मान्यता के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय से अपील की तैयारी 

मेडिकल कालेज की मान्यता के लिए कालेज प्रशासन ने नेशनल मेडिकल काउंसिल में अपील की थी। एनएमसी की टीम कालेज के विजिट पर भी आई थी लेकिन इसी 31 जुलाई को एकल एनॉटामी फैकल्टी को आधार बनाकर मेडिकल काउंसिल ने कालेज की मान्यता की। अपील रद्द कर दी थी। सोमवार को जिले के दौरे पर आए मुख्यमंत्री योगी ने जब मेडिकल कालेज का निरीक्षण किया और कालेज संचालन के स्थिति की जानकारी ली तो अपील निरस्त होने की जानकारी सामने आई थी।

इस पर सीएम ने दोबारा अपील करने का निर्देश कालेज प्रशासन को दिया था। कालेज प्रशासन ने अब अतिरिक्त फैकल्टी की व्यवस्था कर ली है। भर्ती प्रक्रिया भी लगभग पूरी है। अब फिर से अपील करने की तैयारी है। इस बार यूनियन हेल्थ मिनिस्ट्री के पास अपील की जायेगी। उम्मीद है कि जल्द ही कालेज को मान्यता मिल जायेगी। 

नीट की दूसरी काउंससिंग में भाग लेने वाले छात्र ले सकेंगे प्रवेश

राजकीय मेडिकल कालेज प्रशासन का दावा है कि सितंबर तक मान्यता समेत अन्य सभी अधूरे कार्य पूरे हो जायेंगे। इसके बाद सत्र संचालन की रास्ता साफ हो जायेगा। नीट की दूसरी काउंसलिंग मे प्रति भाग करने वाले छात्रों के लिए इस मेडिकल कालेज की 100 सीटे उललब्ध होंगी। काउंसलिंग के बाद छात्र इस मेडिकल कालेज का चयन कर प्रवेश ले सकेंगे। राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डा धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने का कहना है कि एनॉटमी फैकल्टी एकल होने के कारण मेडिकल काउंसिल ने अभी कालेज को मान्यता नहीं दी थी। अब अतिरिक्त फैकल्टी की व्यवस्था कर ली गयी है‌। मान्यता के लिए यूनियन हेल्थ मिनिस्ट्री में अपील की जा रही है। सितंबर तक मान्यता मिलने की उम्मीद है। मान्यता मिलते ही कालेज का संचालन शुरू कर दिया जायेगा। 

यह भी पढ़ें- लोहिया संस्थान: डॉक्टरों ने कर ली मरीज में बॉम्बे ब्लड ग्रुप की पहचान, बच गई गर्भवती महिला और उसके बच्चे की जान

संबंधित समाचार