कासगंज : सीओ साहब करते हैं अभद्रता...नाराज किसान नेता बैठे धरने पर
एएसपी से समझौता वार्ता हुई विफल, अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान
कासगंज, अमृत विचार। पटियाली के सीओ पर तानाशाही रवैया अपनाने और किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन स्वराज ने गंजडुंडवारा के गांधी पार्क में धरना दिया। समझौता वार्ता को पहुंचे एएसपी के प्रयास के बावजूद भी किसान नहीं माने और अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा की है।
प्रदेश संगठन मंत्री शिव उपाध्याय के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार की सुबह गांधी पार्क में धरने पर बैठ गए। प्रदर्शन कर रहे किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं का आक्रोश पटियाली के सीओ राजकुमार पांडेय के खिलाफ था। किसानों का कहना था कि क्षेत्राधिकारी किसानों के साथ अच्छा व्यवहार नहीं करते हैं। तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाते हैं। धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर तहसीलदार जितेंद्र कुमार, नायब तहसीलदार मुकेश कुमार धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने किसानों से बातचीत की, लेकिन किसान एएसपी को मौके पर बुलाए जाने की मांग करते रहे।
किसानों की मांग के चलते एएसपी राजेश भारती धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने किसानों की बात सुनी और धरना समाप्त करने का अनुरोध किया, लेकिन किसानों का कहना था कि थाना सिकंदपुर वैश्य में कार्यकर्ता के साथ मारपीट एवं अभद्रता की गई और कार्रवाई नहीं की गई। एएसपी के समझाने के बावजूद भाकियू के किसान एवं कार्यकर्ता नहीं माने और अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया। ओम कुमार वैस,राजीव चौहान प्रदेश सचिव, बिपिन राघव प्रदेश सचिव, रमन ठाकुर जिला उपाध्यक्ष ,प्रमुख सचिव निर्दोष तिवारी ,नगर अध्यक्ष विनय मिश्रा, नगर अध्यक्ष अल्पसंख्यक जफी अहमद ,नगर सचिव हिमांशु, मंडल सचिव असलम खान ,जिला सचिव शिवम उपाध्याय ,ग्राम पंचायत अध्यक्ष नर्थर गजेंद्र सिंह, ग्राम पंचायत अध्यक्ष गणेशपुर बबलू, ब्लॉक अध्यक्ष नन्हे कुरैशी मौजूद रहे।
