रात में सोते समय प्रेमिका की मां को प्रेमी ने जिंदा जलाने का किया प्रयास, हालत गंभीर, जानें मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जौनपुर। यूपी के जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र में एक युवक ने प्रेमिका की मां पर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की। पीड़िता के प्रार्थना पत्र के आधार पर पुलिस ने आरोपित प्रेमी पर जान से मारने की कोशिश का मुकदमा पंजीकृत कर उसे हिरासत में ले लिया है। साथ ही पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार जिले में सरपतहा थाना क्षेत्र के बसिरहा गांव निवासी प्रविदा देवी घर पर अपनी छोटी पुत्री तथा पुत्र के साथ रहती हैं, उनके पति लालजी बिंद रोजी रोटी के सिलसिले में मुंबई रहते हैं। मटियरा निवासी विनय उर्फ अंगद जिसका बसिरहां में ही ननिहाल है, उनकी पुत्री से रोजाना फोन पर बात करता था, कथित तौर पर एक बार घर मे पकड़े जाने पर उसकी पिटाई भी हुई थी।

पीड़िता ने आरोपित को हिदायत देते हुए पुत्री को रिश्तेदारी में भेज दिया था, जो उसे नागवार लगा, इसी से गुस्साया आरोपित रात में पिछवाड़े से घर मे घुसा और उसने सोते समय प्रविदा के ऊपर पेट्रोल छिड़क दिया। अचानक अपने ऊपर पड़े पेट्रोल के गंध से जब उनकी नींद खुली तो आरोपित उनके ऊपर जलती हुई माचिस की तीली डालकर भाग गया, जिससे पीड़िता गंभीर रूप से जल गई। उसे इलाज के लिये ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजा गया है।

पुलिस उपाधीक्षक शाहगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि पीड़िता प्रविदा देवी के प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है। प्रथमदृष्टया मामला प्रेम प्रपंच का ही प्रतीत हो रहा है। जांच के बाद आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-जयराम रमेश ने धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का दिया नोटिस

संबंधित समाचार