बदायूं: सुरंग बनाकर घर में घुसे चोर, लाखों की चोरी से सबके उड़े होश

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

चोरों ने पीछे खेत से बनाई सुरंग, कमरे में घुसकर लगाई कुंडी और चोरी किया माल

कुंवरगांव, बदायूं, अमृत विचार। घरों से चोरी का सिलसिला जारी है। चोरों ने इस बार गांव दहेमी के एक घर को निशाना बनाया। परिवार घर में सो रहा था। चोरों ने मकान के पीछे से लगभग तीन मीटर सुरंग बनाई। जो कमरे में पहुंची। चोर सुरंग के रास्ते घर में घुसे। 1.90 लाख रुपये नगदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत पांच लाख की चोरी कर ली। परिवार सुबह सोकर उठा तो सामान फैला देखकर चोरी की जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। 

चोरी की यह घटना सिविल लाइन क्षेत्र के गांव दहेमी की है। गांव निवासी सत्यभान सिंह पटेल ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार की रात वह और उनका परिवार घर के बाहर आंगन में सो रहा था। रात में चोरों ने मकान के पीछे से दीवार तोड़ दी। मिट्टी के नीचे से सुरंग बनाई। चोर सुरंग के रास्ते मकान के भीतर दाखिल होते हुए बेड के नीचे तक पहुंचे थे। भीतर से कमरे की कुंडी बंद कर दी। चोरों ने रात में एक लाख 90 हजार रुपये, घर की अलमारी में रखी सोने की आठ अंगूठी, एक तोले की चेन, दो तोले की झुमकी, एक ताले के झाले, दो तोले का हार, चांदी की तीन जोड़ी पायल चोरी करके ले गए। चोर सामान लेकर सुरंग से होते हुए भाग गए। सत्यभान सिंह का परिवार शनिवार सुबह जागा तो कमरे का सामान फैला पड़ा था। बेड के नीचे सुरंग थी। उन्होंने सिविल लाइन पुलिस को घटना के बारे में अवगत कराया। 

पड़ोसी के घर भी चोरी की कोशिश
चोरों ने गांव में पीड़ित सत्यभान के पड़ोसी प्रमोद पटेल के घर से भी चोरी का प्रयास किया। आहट होने पर प्रमोद पटेल के परिजन जाग गए थे। जिसके चलते चोर चोरी में असफल रहे। पुलिस मौके पर पहुंची। मौके का मुआयना किया। परिजन और ग्रामीणों से जानकारी की।

पुलिस बोली जल्द करेंगे खुलासा
ग्रामीणों ने बताया कि गांव और आसपास लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। नवादा चौकी इंचार्ज सुमित चौधरी ने बताया कि गांव दहेमी में चोरी का मामला सामने आया था। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

संबंधित समाचार