बदायूं: ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत, परिजनों ने धक्का देने का लगाया आरोप
चार लोगों के खिलाफ परिजनों ने तहरीर देकर की कार्रवाई की मांग
बदायूं/उघैती, अमृत विचार। थाना उघैती क्षेत्र में रानेट-इस्लामनगर मार्ग पर ट्रैक्टर के बोनट से नीचे गिरकर एक मजदूर की मौत हो गई। परिजनों ने चार लोगों पर ट्रैक्टर से धक्का देकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
उघैती क्षेत्र के गांव सराय बघौली निवासी जय सिंह (45) पुत्र शिवलाल मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करते थे। शनिवार को वह अन्य मजदूरों के साथ ट्रैक्टर और लिंटर डालने की मशीन लेकर गांव करनपुर गए थे। काम निपटाने के बाद वह सभी रात नौ बजे ट्रैक्टर से वापस लौट रहे थे। ट्रैक्टर में लाइट नहीं थी। जय सिंह ट्रैक्टर के आगे बोनट पर बैठे थे। रानेट-इस्लामनगर मार्ग पर एक पेड़ की टहनी लटकी हुई थी। अंधेरा होने की वजह से पेड़ की टहनी जय सिंह के कंधे पर जा लगी। वह चलते ट्रैक्टर से नीचे जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी मजदूर घायल को बिसौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सक ने जय सिंह को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर उनके परिजन चीत्कार करते हुए पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि व्यक्ति की मौत हुई थी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले की जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बोली जल्द करेंगे खुलासा
ग्रामीणों ने बताया कि गांव और आसपास लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। शिकायत करने के बाद भी पुलिस ने कार्रवाई नहीं की थी। नवादा चौकी इंचार्ज सुमित चौधरी ने बताया कि गांव दहेमी में चोरी का मामला सामने आया था। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
