लखनऊ: लोहिया संस्थान में भगदड़, ऑक्सीजन सिलेंडर से निकली गैस और आग से दहशत में आए मरीज
लखनऊ, अमृत विचार। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में सोमवार को अचानक भगदड़ मच गई। मरीज और उनके साथ मौजूद परिजन दहशत में आ गए। बताया जा रहा है कि डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मेडिसिन वार्ड में भर्ती एक मरीज को आईसीयू में शिफ्ट किया जा रहा था।
इस दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर से अचानक आग निकलने लगी जिसकी चपेट में एक व्यक्ति आ गया। इसके पीछे की वजह रेगुलेटर फटना बताया जा रहा है। जिससे तेज धमाका हुआ और पूरे वार्ड में अफरा तफरी मच गई और लोग भागने लगे। भगदड़ और बाहर निकालने के लिए शीशा भी तोड़ना पड़ा।
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान प्रशासन की तरफ से दी गई जानकारी में बताया गया है कि लगभग 11:30 बजे हॉस्पिटल ब्लाक के मेडिसिन वॉर्ड में एक मरीज को शिफ्ट करना था। जिसकी तैयारी के दौरान ऑक्सीजन रेगुलेटर को कसा जा रहा था। अचानक से वह रेगुलेटर तेज आवाज के साथ फट गया। जिसमें से कुछ चिंगारी निकली और उस कर्मचारी के हाथ में मामूली सी चोट आयी। यह घटना मरीजों और तीमारदारों से दूर जगह पर हुई। इस घटना में किसी भी मरीज और तीमारदार को कोई भी चोट नहीं आयी और किसी प्रकार की हानि भी नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही संस्थान के निदेशक, प्रो. सीएम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. अजय कुमार सिंह और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर स्थिति का जायजा लिया। नर्सिंग स्टॉफ एवं कर्मचारियों को भविष्य में सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया।
यह भी पढ़ें:-Adani Group की सभी कंपनियों के शेयर में गिरावट, Adani Energy का शेयर 17 प्रतिशत लुढ़का
