कासगंज : बाढ़ का खतरा फिलहाल कम...गंगा नदी में कछला ब्रिज पर जलस्तर में उतार चढ़ाव

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

कछला ब्रिज पर पानी के गेज में रिकॉर्ड की गई 25 सेंटी मीटर की कमी

कासगंज, अमृत विचार। जिले में बाढ़ की आशंका कम होती नजर आ रही है। गंगा नदी में कछला ब्रिज पर जलस्तर में उतार चढाव बना हुआ है। रविवार के सापेक्ष सोमवार को बैराजो से पानी का डिस्चार्ज बढ़ा, जबकि कछला ब्रिज पर जलस्तर में 25 सेंटी मीटर की कमी रिकॉर्ड की गई, लेकिन सोमवार को पानी डिस्चार्ज बढ़ जाने से मंगलवार को गंगा के जलस्तर में बढोत्तरी होने की संभावना है।

वैसे तो अब हालात बाढ़ के दिखाई नहीं दे रहे हैं। जलस्तर में प्रतिदिन उतार चढ़ाव बना हुआ है। बीते एक सप्ताह में गंगा नदी में कछला ब्रिज पर जलस्तर प्रतिदिन घटा व बढ़ा है। लगभग एक पखवाड़े पूर्व कछला ब्रिज पर गंगा का जलस्तर बढ़कर 163,65 सेंटी मीटर पर जा पहुंचा था, जो अब तक का सबसे अधिक पानी था। इसके बाद प्रतिदिन पानी घटता, बढता रहा है। रविवार के सापेक्ष सोमवार को जलस्तर में गिरावट आई है, लेकिन वहीं नरौरा, हरिद्वार, बिजनौर बैराजों से पानी का डिस्चार्ज बढ़ जाने से । मंगलवार को कछला ब्रिज पर जलस्तर में बढोत्तरी की संभावना है। गंगा नदी में होते उतार चढ़ाव और पहाड़ों पर बरसात के रुख में आती नरमी से यह अनुमान लगाया जा रहा है। जिला इस बार बाढ़ के प्रकोप से बच जाएगा, लेकिन इसके बावजूद भी जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग पूरी तरह चौकन्ना है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता संजय शर्मा ने बताया कि जिले में गंगा सामान्य फ्लड की स्थिति में है। फिलहाल बाढ़ की संभावना नजर नहीं आ रही है। जलस्तर में प्रतिदिन उतार चढ़ाव हो रहा है। विभाग पूरी तरह से सक्रियता बनाए हुए है। किसी भी परिस्थिति से निपटने की पूरी तैयारी है।

बैराजों से पानी का डिस्चार्ज
हरिद्वार बैराज-1,20848 क्यूसेक
बिजनोर बैराज-1,45820 क्यूसेक
नरोरा बैराज-77233 क्यूसेक
कछला ब्रिज पर पानी का गेज -163.25 मीटर

संबंधित समाचार