लखीमपुर खीरी: छत से गुजर रही हाईटेंशन लाइन बनी ननंद का काल...बचाने दौड़ी भाभी भी झुलसी

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

शिकायत के बावूजद घर की छत से बिजली विभाग के अधिकारियों ने नहीं हटाई थी लाइन

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। छत पर कपड़े फैलाने गई थाना भीरा के मोहल्ला नई बस्ती निवासी एक महिला छत से गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई। जिसमें झुलसकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसे बचाने दौड़ी उसकी भाभी भी गंभीर रूप से झुलस गई। झुलसी महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद महिला के परिवार में चीख पुकार मची हुई है। 

कस्बा भीरा के मोहल्ला नई बस्ती निवासी प्रमोद भार्गव के मकान की छत के ऊपर से 11 हजार केवीए की बिजली लाइन निकली हुई है। प्रमोद भार्गव ने बताया कि सोमवार की सुबह करीब दस बजे उनकी बहन बिमला राज (35) पत्नी प्रदीप राज छत पर कपड़ा डालने गई थी। इस दौरान वह काफी नीचे झूल रहे हाईटेंशन लाइन के तारों की चपेट में आ गई। इससे करंट लगने से वह झुलसकर छत पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बहन की चीख पुकार पर उसकी भाभी राधा भार्गव जब दौड़कर छत पर पहुंची तो वह भी करंट लगने से झुलस गई। हादसे के बाद घर में चीख पुकार मच गई। परिवार वालों ने शोर शराबा किया। आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए और बिजली उपकेंद्र को सूचना देकर बिजली आपूर्ति बंद कराई। हादसे के बाद परिवार में चीख पुकार मच गई। परिवार वालों ने आनन-फानन में झुलसी राधा भार्गव को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मोहल्ले के लोगों ने हादसे के लिए बिजली विभाग को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों से छतों के ऊपर से निकली हाईटेंशन को हटाने की मांग की गई, लेकिन अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

संबंधित समाचार