24 घंटे के अंदर नैनी पुलिस ने चोरी की घटना का किया खुलासा
नैनी के चक भटाही मोहल्ले में दिन दहाड़े हुई थी घटना
नैनी, अमृत विचार: यमुना नगर की नैनी कोतवाली पुलिस ने दिन दहाड़े हुई चोरी की घटना का 24 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को नगदी एवं चोरी के माल संग गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक अभियुक्त कूड़ा बिनने के दौरान रेकी करता था और मौका पाकर वारदात को अंजाम दे देता था। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया।
डीसीपी यमुना नगर विवेक चंद्र ने बताया कि चक भटाही थाना नैनी जनपद प्रयागराज निवासी अमित यादव पुत्र स्व० छोटे लाल यादव द्वारा प्रार्थना पत्र दिया गया कि वह अपने बड़े बेटे के साथ अपनी मां को डाक्टर को दिखवाने के लिए शनिवार सुबह 10.45 पर अस्पताल गये थे। उसके बाद लगभग 1.30 बजे घर आकर अपने अपने कार्य में व्यस्त हो गये, लेकिन शाम को जब मेरी पत्नी राजवती यादव अपने डयूटी से वापस आई तब उन्होने देखा कि अलमारी हल्की सी खुली हुई है। अलमारी खोलकर देखा गया तो लाकर टूटा हुआ था। उसमें रखे मेरे परिवार के सारे सोने व चांदी के जेवरात नहीं थे।
उक्त घटना के सम्बन्ध में थाना स्थानीय पर तत्काल अभियोग पंजीकृत कर घटना के सफल अनावरण के लिए टीम बनायी गयी। घटना का 24 घंटे के अन्दर सफल अनावरण करते हुये सोमवार को थाना नैनी पुलिस द्वारा उपरोक्त अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से चोरी की आठ अंगूठी, एक जोड़ी कंगन, 11 कान के टप्स, एक जोड़ी झुमका, तीन नाक का कील, एक नथिया, एक मांग टीका, चार चेन, दो हार, तीन मंगरसूत्र, दो चेन लाकेट लगा हुआ, एक कमर पेटी सभी पीली धातु तथा एक जोड़ी पाजेब, पांच जोड़ी पायल, नौ बिछिया, छह बच्चों का कड़ा, एक चाबी का छल्ला, पांच सिक्के सभी सफेद धातु व रूपये 4850 रुपए नकद बरामद किया गया।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह कूड़ा बिनने का काम करता है तथा कूड़ा बिनने के दौरान रैकी करता है, उसके बाद मौका पाकर घरों में घुसकर आभूषण, पैसा व अन्य कीमती सामान की चोरी कर घटना को अंजाम देकर भाग जाता है। मैने उस दिन भी इसी तरह से चोरी की थी। आज मैं उन्ही चोरी के आभूषण को बेचने जा रहा था कि पकड़ लिया गया। इससे पहले भी मैने कई चोरियां की है।
यह भी पढ़ें- IAS Transfer: यूपी में शीर्ष आईएएस अफसरों के तबादले, नियुक्ति विभाग के प्रमुख सचिव बने एम देवराज
