रायबरेली : युवक की हत्या से भड़के ग्रामीण, सलोन-जायस मार्ग किया जाम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एसपी ने समझा बुझाकर खुलवाया जाम, आरोपियों पर कड़ी कार्यवाई का दिया आश्वासन 

परशदेपुर, रायबरेली, अमृत विचार। नसीराबाद थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम आपसी विवाद में हुई युवक की हत्या का मामला सोमवार को गर्मा गया। परिजनों के साथ भीम युवा संगठन के कार्यकर्ताओं ने सलोन-जायस मार्ग जाम कर दिया। दोनों तरफ गाड़ियों की लाइन लग गई। करीब दो घंटे बाद पुलिस किसी तरह जाम खुलवाने में सफल हो सकी। इस दौरान माहौल कई बार गरम हुआ। 

पिछवरिया मजरे भुवालपुर शिसनी निवासी अर्जुन सरोज (21 वर्ष ) पुत्र बेंचूलाल का गांव के ही नवीन सिंह से नागपंचमी के दिन कुछ विवाद हुआ था। आरोप है कि गांव में उसने अपने साथियों के साथ अर्जुन को गोली मार दी। कंधे पर मारी गई गोली पेट चीरते हुए पार हो गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस शव का पंचनामा कराने की तैयारी कर रही थी तभी भीम आर्मी के लोग पहुंच गए और कहा कि गिरफ्तारी होने पर ही शव गांव से जायेगा। मामले की सूचना पाकर देर रात एसपी अभिषेक अग्रवाल व एडिशनल एसपी नवीन कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे थे। देर रात पुलिस और भीम युवा संगठन के बीच बातचीत के बाद मृतक की मां दुलारा की तहरीर पर नवीन सिंह, अर्जुन यादव, अंकित, अंशु यादव, फूलचंद्र, हर्षित पण्डित के साथ ही ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि विशाल सिंह के विरुद्ध नामजद व 05 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। 

मामले में सोमवार को अपरान्ह करीब दो बजे परिजनों, ग्रामीणों के साथ भीम युवा संगठन के लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर सलोन-जायस मार्ग को पिछवरिया चौराहा के पास जाम कर दिया। काफी संख्या में लोग सड़क पर ही बैठ गए जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पाकर नसीराबाद, डीह, सलोन के साथ ही मिल एरिया, लालगंज, गुरुबक्शगंज आदि थानों से भारी फोर्स मौके पर पहुंची। सीओ सलोन ने समझाने का प्रयास किया लेकिन जाम हटाने को लोग तैयार नहीं हुए। इसके बाद एसपी अभिषेक अग्रवाल मौके पर पहुंचे। एसपी को भीम युवा संगठन के अध्यक्ष देवेंद्र भीमराज ने बताया कि इसके पहले भी बबलू पासी के पैर में गोली मारी गई थी। आरोपियों को संरक्षण देने वाले ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और परिवार को असलहा का लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए। एसपी ने कहा कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। जो भी मांगे हो उसे लिखित रूप से उपलब्ध कराएं, हर संभव कार्यवाही की जायेगी। उन्होंने सभी आरोपियों पर कड़ी कार्यवाही का आश्वासन दिया। जिस पर भीम युवा संगठन के लोग 05 दिन का समय देते हुए जाम खोलने को तैयार हो गए। हालांकि कई लोगों ने मांग किया कि आरोपियों पर 24 घंटे में कार्यवाई की जाए। 

शव आते ही फिर लगाया जाम

जैसे ही एसपी अभिषेक अग्रवाल जाम खुलवाकर मौके से रवाना हुए वैसे ही पोस्टमार्टम कराने गए लोग पिकअप से शव लेकर आ गए। उसके बाद माहौल फिर गरम हो गया। ग्रामीणों व भीम युवा संगठन ने शव को रोड पर रखकर फिर से जाम लगा दिया। पुलिस मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए। एडीएम प्रशासन प्रफुल्ल त्रिपाठी और एडिशनल एसपी नवीन कुमार सिंह ने समझाने की कोशिश की लेकिन लोग काफी आक्रोशित रहे।

सलोन विधायक भी मौके पर पहुंचे

जानकारी मिलने पर सलोन विधायक अशोक कुमार भी पहुंचे। उनके साथ एसपी अभिषेक अग्रवाल भी दोबारा मौके पर आए। विधायक ने लोगों की बातें सुनकर प्रशासन के साथ चर्चा की। किसी ने बताया कि शव अभी घर तक नहीं पहुंचा थोड़ी दूर पर रखा है। विधायक लोगों के साथ मौके तक भी गए लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों ने नारेबाजी कर दी। बताते हैं किसी ने विधायक की गाड़ी के शीशे पर ईंट भी मार दी।

आरोपी को लेकर भागे सीओ 

बताते हैं कि दबाव पड़ने पर नामजद फरार आरोपी अंकित को लेकर कुछ लोग मौके पर चले गए। जैसे ही लोगों को जानकारी मिली लोग भड़क गए और आक्रोशित हो उठे। लोग आरोपी को मारने के लिए दौड़ पड़े। पुलिस कर्मियों के साथ सीओ सलोन प्रदीप कुमार आरोपी को पकड़ कर दौड़ते हुए लेकर भागे और उसको वहां से थाने भेजा। इसको लेकर भी माहौल काफी देर तक गरम रहा।

यह भी पढ़ें-  IAS Transfer: यूपी में शीर्ष आईएएस अफसरों के तबादले, नियुक्ति विभाग के प्रमुख सचिव बने एम देवराज

संबंधित समाचार