US Elections 2024 : डोनाल्ड ट्रंप के प्रचार दल ने कहा- ईरान ने संवेदनशील दस्तावेज चुराए, FBI कर रही आरोपों की जांच
वाशिंगटन। एफबीआई इन आरोपों की जांच कर रही है कि डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार अभियान के संवेदनशील दस्तावेज साइबर घुसपैठ के जरिए चुरा लिए गए थे। साथ ही उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के प्रचार अभियान में भी सेंध लगाने का प्रयास किया गया था। राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की ओर से उम्मीदवार ट्रंप के प्रचार दल ने कुछ दिन पहले कहा था कि उनके अभियान को ईरान द्वारा हैक कर लिया गया है।
एफबीआई ने ट्रंप के मामले पर एक संक्षिप्त बयान जारी कर कहा, हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि एफबीआई मामले की जांच कर रही है। ट्रंप के अभियान दल की ओर से ईरान की संलिप्तता का कोई विशेष सबूत नहीं दिया गया, लेकिन यह दावा माइक्रोसॉफ्ट द्वारा 2024 में अमेरिकी चुनाव में हस्तक्षेप करने के विदेशी एजेंटों के प्रयासों का विवरण देने वाली एक रिपोर्ट जारी करने के तुरंत बाद आया।
रिपोर्ट में जून में एक ईरानी सैन्य खुफिया इकाई द्वारा एक पूर्व वरिष्ठ सलाहकार के ईमेल खाते में सेंध लगाकर उससे राष्ट्रपति अभियान के एक उच्च पदस्थ अधिकारी को एक वायरस वाला मेल भेजे जाने का उदाहरण दिया गया। मामले की जानकारी रखने वाले दो लोगों ने कहा कि संदिग्ध ईरानी साइबर सेंध के इस मामले में बाइडेन और हैरिस के अभियान को भी निशाना बनाया गया और एफबीआई इसकी जांच कर रही है।
इजरायल को सोच समझकर जवाब देगा ईरान
इजरायली सैन्यों की ओर से हमास के राजनीतिक प्रमुख इस्माइल हनीयेह की हत्या करने को लेकर ईरान कहा है कि सोच-समझकर जवाब दिया जायेगा। ईरान के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन के अभियान मीडिया सलाहकार अलीआसगर शफीयान ने सोमवार को ‘द वाशिंगटन पोस्ट’ से कहा है, " ईरान इस बार इजरायल को सोच-समझकर जबाव देगा। उन्होंने कहा कि हनीयेह की हत्य़ा ‘एक खुफिया-आधारित मिशन था’। उल्लेनीय है 31 जुलाई को ईरान के राष्ट्रपति के शपथ समारोह में तेहरान पहुंचे हनीयेह की उनके गेस्ट हाउस में रिमोट कंट्रोल विस्फोटक से कर दी गयी। हमास ने हनीयेह की मौत के लिए इजरायल और अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है।
हैरिस का साक्षात्कार लेने के लिए तैयार हैं मस्क
अमेरिका के अरबपति उद्यमी एलन मस्क ने मंगलवार को कहा कि वह अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ पर उपराष्ट्रपति एवं डेमोक्रेटिक पार्टी की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस का साक्षात्कार लेने के लिए तैयार हैं। मस्क ने सोमवार को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति एवं रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप का एक्स पर साक्षात्कार लिया था। उन्होंने जुलाई में एक्स पर कहा था कि वह ट्रंप की उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा, "मुझे एक्स पर सुश्री कमला की भी मेजबानी करके खुशी होगी। उल्लेखनीय है कि अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन ने जुलाई में डेमोक्रेटिव पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारी से अपना नाम वापस ले लिया था और हैरिस का समर्थन करने की घोषणा की थी।
ये भी पढ़ें : बांग्लादेश में शेख हसीना के खिलाफ दर्ज हुआ किराना दुकानदार की हत्या का केस, कई नेताओं के नाम भी शामिल
