आजादी के जश्न में डूबा जिला, शान से फहरेगा तिरंगा : शहर से लेकर गांव तक स्वतंत्रता दिवस की धूम व उल्लास
हर घर में तिरंगा फहराने की दिख रही उत्सुकता
बाराबंकी, अमृत विचार। स्वतंत्रता दिवस पर जश्न-ए-आजादी का उल्लास बच्चों से लेकर युवा व बुजुर्गाें के चेहरों पर साफ झलक रहा है। शहर से लेकर गांवों तक हर तरफ तिरंगे की धूम है। सरकारी दफ्तरों से लेकर तमाम स्मारक एवं निजी भवन तिरंगा रोशनी से जगमग हैं। आठ लाख घरों पर तिरंगा लहराएं, इसके लिए बड़े पैमाने पर तिरंगा बांटे गए। सरकारी कार्यालयों से लेकर हजारों स्कूलों में देर शाम तक झंडारोहण व सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की गईं। आइए हम भी स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शामिल हों और अपने घर या आसपास तिरंगा फहराकर देश के सम्मान में राष्ट्रगान गाएं। और देश के वीर सपूतों को याद करें।
आजादी के 77वें स्वतंत्रता दिवस के साथ गुरुवार को शहर में डीएम कार्यालय, विकास भवन, नगर पालिका कार्यालयों के साथ छाया, नाका सतरिख, पल्हरी चौराहों के अलावा पटेल तिराहे को तिरंगा रोशनी से सजाया गया है। विकास खंड मसौली कार्यालय शाम होते ही तिरंगा रोशनी से जगमगा उठा। यहां शहीद स्मारक की भी भव्य सजावट की गई। जैदपुर, देवा समेत अन्य निकायों में भी तिरंगा रोशनी से दफ्तरों को सजाया गया। शहीद स्मारकों एवं स्कूलों में विशेष सफाई अभियान चलाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सभी सरकारी दफ्तरों में अधिकारियों व कर्मचारियों को भी झंडे वितरित किए गए। सुबह 10.15 बजे ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान का आयोजन होगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम, पंच प्रण, पौधरोपण कार्यक्रम भी होंगे। इस मौके पर कई जगह अच्छा कार्य करने वालों को सम्मानित करने का कार्यक्रम भी रखा गया है।
सभी लोग करें जिम्मेदारियों का निर्वहन
डीएम सत्येंद्र कुमार का कहना कि आजादी की 77वीं वर्षगांठ मनाते हुए आज पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। सभी अधिकारी-नागरिक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। सभी के प्रयास से देश विकास के पथ पर अग्रसर हो रहा है। सभी जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सभी को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं। सभी नागरिकों से आशा है कि देश के संविधान पर विश्वास रखते हुए कानून का पालन करेंगे और आपसी सद्भाव को बनाए रखेंगे। पुलिस विभाग हर नागरिक की सुरक्षा व स्वतंत्रता के लिए प्रतिबद्ध है।
जिले भर में निकली तिरंगा यात्रा, देशभक्ति की जगाई अलख
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस लाइन से तिरंगा यात्रा वाहन द्वारा निकली गई। जो पटेल तिराहा, आलापुर, असैनी, बाईपास होते हुए चौपुला, सतरिख नाका से पटेल तिराहा होते हुए पुलिस लाइन में वापस आकर समाप्त हुई। क्षेत्राधिकारी नगर जगतराम कन्नौजिया और नगर कोतवाली ने नगर क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकालकर लोगों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत की। देवा कोतवाली के प्रभारी कोतवाल मुस्तकीम अहमद के नेतृत्व में बुधवार को कस्बा देवा में तिरंगा यात्रा निकाली गई। कोतवाली परिसर से शुरू होकर यह यात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से होते हुए समूचे कस्बे में घूमी यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति नारे लगा रहे थे।
कस्बे में भ्रमण के बाद तिरंगा यात्रा थाना परिसर में आकर समाप्त हुई इस तिरंगा यात्रा में वरिष्ठ उपनिरीक्षक रणजीत सिंह ,उपनिरीक्षक घनश्याम वर्मा ,उदयप्रताप सिंह,दशरथ यादव, सत्यपाल यादव ,कस्बा इंचार्ज शैलेश कुमार यादव,आरक्षी उत्तम चतुर्वेदी, अभिषेक सिंह सहित कोतवाली देवा के समस्त पुलिस कर्मी और एक निजी विद्यालय के सैकड़ों छात्र छात्राएं मौजूद रही। वहीं सिद्धौर ब्लॉक क्षेत्र में बीडीओ सिद्धौर पूजा सिंह, ब्लॉक प्रमुख आरती रावत इंस्पेक्टर असंद्रा जितेंद्र प्रताप सिंह, इंस्पेक्टर कोठी संतोष कुमार सिंह, दिलावलपुर चौकी इंचार्ज अशोक कुमार वर्मा व सिद्धौर चौकी इंचार्ज राम प्रकाश मिश्रा नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस दौरान हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत साथ तमाम भाजपा नेताओं साथ मीरापुर से लेकर नईसड़क तिराहा होकर हैदरगढ़ कस्बा तक का तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान डीजे की धुन पर देशभक्ति के गीतों गूंज थी। वहीं मदरसा जामिअतुल फलाह बड़नपुर अलियाबाद में प्रधानाचार्य राशिद द्वारा झंडा फहराया गया। उसके उपरान्त छात्राओं द्वारा राष्ट्रगान एंव प्रभात फेरी का आयोजन हुआ।
जनप्रतिनिधियों व पुलिसकर्मियों ने निकाली बाइक रैली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ किया गया ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अन्तर्गत विधानसभा दरियाबाद अंतर्गत देवीगंज चौराहा से शहीद स्मारक नगर पंचायत दरियाबाद तक राज्य मंत्री सतीश शर्मा, नि.सांसद लल्लू सिंह व नि.जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव एवं हजारों कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों द्वारा तिरंगा बाइक रैली निकाली गई। बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा शिक्षा क्षेत्र बनीकोडर के ग्राम छंदवल में अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं हेतु निशुल्क संचालित चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल में हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा रैली निकाली गई।
रैली का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक रत्नेश कुमार द्वारा तिरंगा फ़हराकर किया गया। वहीं राम सनेही घाट पुलिस ने भी तिरंगा यात्रा निकाली, जिसमें समस्त पुलिस बल ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और हर घर तिरंगा फहराने की अपील की। कोतवाल ओपी तिवारी, अतिरिक्त कोतवाल वी के सिंह, सहित समस्त एसआई व सिपाही मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं ने निकाली तिरंगा रैली
स्वतंत्रता दिवस एक राष्ट्रीय पर्व है। जिसे सभी लोगों को मिलकर मनाना चाहिये। क्योंकि राष्ट्र से बढ़कर किसी के लिए कुछ भी नही है। यह बात बार संघ अध्यक्ष प्रदीप कुमार निगम ने तिरंगा यात्रा के समापन के पश्चात् कही। अधिवक्ताओं द्वारा पुरानी कचेहरी चौराहें के पास एकत्र होकर हाथों में तिरंगा झण्डा लिये हुए, अधिवक्ता पैदल तिरंगा यात्रा भारत मां के जयकारे लगाते हुए कस्बे में निकले। अधिवक्ताओं का यह तिरंगा जुलूस कोतवाली रोड, जोशी टोला, सट्टी बाजार, हसीन तिराहा से होते हुए पटेल चौराहा पहुंचा और यहां पहुंचकर सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के पास रूककर नमन किया, और अधिवक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल अमर के जयकारे लगाते हुए पुनः बाईपास रोड, ब्लाक चौराहा होते हुए कचेहरी परिसर पहुंचे। इस कार्यøम के दौरान महामंत्री संजय सिंह नम्बरदार, हरिनाम सिं वर्मा, राजीव नयन तिवारी, सतीश सिंह, इन्द्रेश शुक्ला, ओम प्रकाश यादव, राजेन्द्र प्रसाद वर्मा, नफीस अहमद, अवधेश सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, अशोक यादव, ज्ञानू सिंह आदि अधिवक्ता मौजूद है।
यह भी पढ़ें-हौसला रखिये, हिम्मत न हारिये : ऑटिज़्म अभिशाप नहीं, बेहद खास है आपका बच्चा
