Independence Day 2024: फर्रुखाबाद में DM ने कलेक्ट्रेट परिसर में किया ध्वजारोहण...स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया सम्मानित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। 78वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिलाधिकारी डॉ वीके सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया । इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान गाया, इसके पश्चात जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट गेट के बाहर स्थापित नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में आये विभिन्न स्कूलों के बच्चों और बच्चियों को मिठाई व उपहार वितरण किया। जिलाधिकारी द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में वृक्षारोपण किया गया।

इसके पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम जिलाधिकारी व अन्य अधिकारियों द्वारा गाँधी जी की फ़ोटो पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियो के परिजनों व वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर, स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इसके बाद कलेक्ट्रेट कर्मियों एवं अधिकारीओ द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने विचार रखे गए।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी हेतु अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों एवं महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। हमारी आने वाली पीढ़ी को यह पता चले कि हमे अपनी आजादी कितने बलिदान एवं संघर्ष के बाद मिली है।

इसके पश्चात काकोरी ट्रेन एक्शन शताव्दी समारोह के अंतर्गत हुई विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजयी बच्चो को जिलाधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर सम्मानित किया गया। इनाम की धनराशि बच्चों के खातों में भेजी जाएगी। 

इसके बाद जिलाधिकारी ने केंद्रीय व जिला कारागार मे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बंदियो को फल वितरण किया। जिलाधिकारी ने वृद्धाआश्रम सिरौली पहुँचकर बुजुर्गो को फल व कपड़ों का वितरण किया।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व,अपर जिलाधिकारी न्यायिक, नगर मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

संबंधित समाचार