कासगंज: द्वारिकाधीश मंदिर के गर्भ गृह में युवक ने फांसी लगाकर की खुदकुशी
मृतका की मां ने सोरों कोतवाली पुलिस को दी पड़ोसी के खिलाफ तहरीर
कासगंज/सोरों, अमृत विचार। द्वारिकाधीश मंदिर के गर्भ गृह में मंदिर महंत के 25 वर्षीय पुत्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की मां ने पड़ोस के रहने वाले नामजद युवक के खिलाफ प्रताड़ित और उत्पीड़न करने की तहरीर दी है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
सोरों तीर्थनगरी के मुहल्ला चंदन चौक निवासी सुशील गौड़ के द्वारिकाधीश मंदिर के पुजारी हैं। गुरुवार की शाम को सुशील गौड़ के 25 वर्षीय युवक ऋषभ गौड़ ने द्वारिकाधीश भगवान के सामने लगे पंखे पर लटक कर आत्महत्या कर ली। लोगों ने मंदिर में शव लटका देखा तो कस्बे में सनसनी फैल गई। तमाम लोग मंदिर में पहुंच गए। परिवार में कोहराम मच गया। तरह तरह की चर्चाए होने लगीं। घटना की सूचना पर सोरों कोतवाली पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौजूद लोगों से जानकारी हासिल की और फॉरेंसिक व फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में मृतक की मां ने सोरों कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर मौत का जिम्मेदार पड़ोसी युवक को ठहराया है। इंस्पेक्टर भोजराज अवस्थी ने बताया कि द्वारिकाधीश मंदिर में युवक का शव लटके होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर फोरेंसिक टीम द्वारा साक्ष्यों को एकत्रित किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक युवक की मां की तहरीर पर जांच पड़ताल की जा रही है।
सर्विलांस के माध्यम से पुलिस कर रही है जांच
ऋषभ गौड़ द्वारा खुदकुशी किए जाने की खबर के बाद जहां सोरों कस्बे में सनसनी फैल गई हैं, तो वहीं पुलिस ने मृतक युवक का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस सीडीआर निकलवा कर खुदकुशी किए जाने के कारणों को तलाशने में जुटी हुई है। पुलिस का दावा है कि मृतक के मोबाइल में अहम साक्ष्य मिले हैं। इसी के आधार पर खुलासा किया जाएगा।
