संभल में जल जीवन मिशन की दो लाख किताबें सड़क किनारे पड़ी मिली, मौके पर पहुंचे अधिकारी
डीएम के निर्देश पर एसडीएम टीम के साथ पहुंचे, किताबें कब्जे में ली, कहा-किताबें वितरित नहीं कराने में मिशन के एई पर होगी रिपोर्ट
फेंकी गई किताबों को ट्रैक्टर ट्रालियों में लदवाते अधिकारी।
संभल अमृत विचार। जनता में वितरण के लिए सरकार द्वारा भेजी गईं जल जीवन मिशन जागरूकता की लगभग दो लाख सरकारी किताबें सड़क किनारे पड़ी मिलीं। डीएम के निर्देश पर एसडीएम ने किताबों को वाहन में लदवाकर कब्जे में ले लिया। मौके से एक कर्मचारी को हिरासत में ले लिया गया। डीएम ने किताबें वितरित नहीं करने के मामले में मिशन के एई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
सदर कोतवाली क्षेत्र में मुहल्ला हल्लू सराय चामुंडा मंदिर से आगे हसनपुर मुंजब्ता मार्ग के किनारे शनिवार सुबह को लोगों ने किताबों के बंडलों के ऊंचे ढ़ेर लगे देखे। पास जाकर देखा तो पता चला कि किताबें सरकारी थीं जो जनता में बांटने के लिए आई थीं। जल जीवन मिशन से संबंधित किताबों के सड़क किनारे पड़े होने की शिकायत डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया से की गई। डीएम के निर्देश पर एसडीएम विनय कुमार मिश्र, नायब तहसीलदार सतेंद्र चाहर टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को सड़क किनारे किताबों के कार्टन के ढ़ेर लगे मिले। पता चला कि इन किताबों का वितरण पहले ब्लॉकों में होना था और फिर ब्लाक से लोगों को इनका वितरण किया जाना था लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
अधिकारियों ने वहां मिले एक प्राइवेट कर्मचारी को हिरासत में ले लिया। डीएम डॉ.राजेंद्र पैंसिया ने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत योजनाओं के प्रचार प्रसार के लिए लगभग 2 लाख किताबें कंपनी ने गोदाम में रखीं। किताबें जल जीवन मिशन के एई को जनपद के सारे ब्लॉक को वितरण के लिए दी गई थीं। आठ महीने से संबंधित कंपनी नोटिस दे रही थी। बाद में कंपनी ने गोदाम से सारे कार्टन बाहर रख दिए। किताबें नहीं बांटने के मामले में जल जीवन मिशन के एई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के फोटो वाली किताब की बदहाली पर भड़के लोग
जल जीवन मिशन जागरुकता से संबंधित प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के फोटो वाली किताबों को गंदगी में फेंके जाने को लेकर लोगों ने आक्रोश जाहिर किया। मोहल्ला हल्लू सराय के लोगों ने मांग उठाई कि जिसने भी यह कृत्य किया है उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। मौके पर मौजूद एसडीएम विनय मिश्रा ने कार्रवाई का आश्वासन दिया। सड़क किनारे पड़ी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के फोटो वाली किताबों को उठाकर ले जाने का काम शुरु हुआ तो काम को गति देने के लिए अधिकारी खुद किताबों के बंडल उठाने में लग गये। एसडीएम जुटे तो नायब तहसीलदार व अन्य अमला भी काम में जुट गया।
ये भी पढे़ं : Sambhal: भारत-श्रीलंका मैत्री उत्सव में संभल के हैंडीक्राफ्ट उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
