बाराबंकी: साइको किलर अमरेंद्र पर लगा एनएसए, महिलाओं की हत्या करने के बाद शव के साथ करता था दुष्कर्म
एक के बाद एक हो रही हत्याओं ने जिले में फैलाई थी दहशत
बाराबंकी, अमृत विचार। साल 2022 के दिसंबर की ठंड में जिले में अचानक अधेड़ महिलाओं की एक के बाद एक हत्याओं ने सभी को दहशत में डाल दिया था। दो महिलाओं की हत्या कर उन्हें नग्न अवस्था में छोड़ देने वाले हत्यारे को साइको किलर नाम दिया गया।
आरोपी की विकृत मानसिकता का हाल ये था कि उसने महिलाओं की हत्या करने के बाद उनके शव के साथ दुष्कर्म किया। हालांकि करीब दो महीने बाद पुलिस ने उसे एक और महिला को शिकार बनाते समय गिरफ्तार कर लिया था। उसी साइको किलर की दहशत को खत्म करने के लिये उसके खिलाफ अब राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम एनएसए के तहत कार्रवाई की गई है।
साल 2022 के दिसंबर महीने में थाना रामसनेहीघाट क्षेत्र में हुई दो सनसनीखेज घटनाओं ने पूरे जिल में हड़कंप मचा दिया था। जिसमें वृद्ध महिलाओं को गांव से बाहर जंगल की तरफ शौच के लिए जाने पर उनकी हत्या करके बलात्कार किया जा रहा था। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद मामले में आरोपी साइको किलर अमरेंद्र पुत्र सालिकराम रावत निवासी सड़वा थाना असन्द्रा को गिरफ्तार किया था।
अमरेंद्र ने महिलाओं की हत्या करके बलात्कार करने का जुर्म भी कबूल किया। रामसनेहीघाट थाने में साइको किलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया और पूछताछ के दौरान साइको किलर ने इस घिनौने अपराध में उसके साथ शामिल सुरेन्द्र पुत्र राम औतार निवासी दयाराम पुरवा थाना रामसनेहीघाट का भी नाम लिया। जिसके बाद पुलिस ने 22 मार्च 2023 को उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
अभियुक्त अमरेंद्र पर 13 मई 2023 को गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। लेकिन एसपी दिनेश कुमार सिंह ने साइको किलर की दहशत को खत्म करने और ऐसे अपराध की पुनरावृत्ति न हो, उसके लिये अपराधियों के मन में खौफ पैदा करने की ठान रखी थी। उनके निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक रामसनेहीघाट ओपी तिवारी की रिपोर्ट और उच्च अधिकारियों की संस्तुति के बाद जिला मजिस्ट्रेट ने भियुक्त अमरेंद्र के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम 1980 यानी एनएसए के तहत कार्रवाई की है। जिसका आदेश जिला कारागार में निरुद्ध अभियुक्त अमरेंद्र को तामील भी कराया गया।
विचलित करने वाली थी घटनाएं
एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में एक ही पैटर्न में हो रही महिलाओं की हत्या की बेहद विचलित करने वाली थी। पांच दिसम्बर 2022 को ग्राम दयाराम पुरवा में एक वृद्ध महिला के साथ गलत काम करने का प्रयास किया गया, लेकिन गांव के ही एक व्यक्ति के आ जाने से वृद्धा की जान बच गयी और यह दोनों भाग गये। हालांकि पीड़िता ने लोकलाज के डर से पुलिस में शिकायत नहीं की थी।
जिसकी वजह से अमरेंद्र और सुरेन्द्र के हौसले बढ़ गये और 17 दिसंबर 2022 को रामसनेहीघाट के ग्राम इब्राहिमाबाद में एक अधेड़ महिला का नग्न शव मिला। हमारी टीम को एक ही नजर में यह समझ गई थी कि यह काम किसी मानसिक विक्षिप्त का ही हो सकता है। हालांकि हमें तब तक यह बिल्कुल एहसास नहीं था कि यह किसी साइको किलर का भी काम हो सकता है।
जब पहली हत्या के स्थान से दो किलोमीटर दूरी पर स्थित ग्राम ठठेरहा में 31 दिसंबर 2022 को एक और वृद्ध महिला की नग्न अवस्था में लाश मिली तो हम समझ चुके थे कि जिले में एक साइको किलर शिकार की तलाश में घूम रहा है जो वृद्ध महिलाओं को निशाना बना रहा है। ऐसे में हमने पांच टीमें गठित कीं और हत्यारे की तलाश शुरू कर दी। जिसके बाद कुछ ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने तीसरी महिला को अपना शिकार बनाने जा रहे साइको किलर को गिरफ्तार कर लिया था।
यह भी पढ़ें:-राखी पर यूपी की बेटियों को सीएम योगी का तोहफा: कहा- पुलिस में 20% लड़कियों की होगी नियुक्ति, जो करेंगी शोहदों का इलाज
