कासगंज: भरगैन में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने किए 4 आरोपी गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में बीती 13 अगस्त को हुई थी फायरिंग

कासगंज, अमृत विचार। कस्बा भरगैन में फायरिंग कर दहशत पैदा करने वाले 4 आरोपियों को कोतवाली पटियाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी रायफल 315 बोर और दो कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपियों को पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया। जहां से उन्हें जेल भेजा गया है।

बीती 13 अगस्त को पटियाली के कस्बा भरगैन में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों में फायरिंग हुई थी। इस घटना में भले ही कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन कस्बे में दहशत फैल गई थी। घटना को एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने गंभीरता से लिया था, मामले में वायरल हुई वीडियो को संज्ञान में लेकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश पुलिस को दिए। पुलिस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही थी। शनिवार को पुलिस ने वांछित आरोपी सहबुल, अब्दुल नवी, मजरुल हसन एवं सोहिल खान  निवासीगण मुहल्ला मीरन थोक कस्बा भरगैन को गिरफ्तार किया है। पटियाली के इंस्पेक्टर गोविंद बल्लभ शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लाइसेंसी रायफल 315 और दो कारतूस बरामद हुए हैं। न्यायालय से आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम कार्यवाही हुई है।

संबंधित समाचार