Kolkata Doctor Rape-Murder: विरोध में सड़कों पर उतरे डॉक्टर्स, ओपीडी की बंद, मरीजों की बढ़ी परेशानी
जौनपुर, अमृत विचारः कोलकाता में हुए दिल दहला देने वाले हादसे ने लोगों को झंझोर कर रख दिया है। देशभर के डॉक्टर इस निर्मम कांड को लेकर काफी आक्रोशित हैं। कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कालेज और अस्पताल में महिला डॉक्टर की दुष्कर्म और हत्या के मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
शनिवार की दोपहर आईएमए के 24 घण्टे के बंद के आह्वान पर शाहगंज इकाई के अध्यक्ष डाक्टर एसएल गुप्ता के नेतृत्व में नगर के सभी डाक्टर और मेडिकल स्टाफ नगर के रामलीला भवन चौराहा पर इकट्ठा हुए। वहां उन्होंने न्याय यात्रा निकाली। न्याय यात्रा रामलीला भवन चौराहा से होते हुए कोतवाली चौराहा, मेन रोड, जेसीज चौक,रोडवेज होते हुए तहसील परिसर पहुंची। जहां दर्जनों चिकित्सकों सहित सैकड़ो मेडिकल स्टाफों ने जिलाधिकारी को सम्बोधित एसडीएम राजेश कुमार चौरसिया को ज्ञापन सौंपा।
आईएमए शाहगंज इकाई के अध्यक्ष डॉ. एसएल गुप्ता ने बताया की कोलकाता के आर जी कर मेडिकल कालेज की छात्रा के साथ हुई घटना से पूरा देश मर्माहत है। सरकार दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दे ताकि ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

डॉ. देवी प्रसाद पुष्पजीवी ने कहा कि जब मेडिकल कालेज जैसे स्थानों पर मेडिकल की छात्रा सुरक्षित नहीं है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है की आम लोगों की सुरक्षा भगवान भरोसे होगी।
सरकार डॉक्टरों की सुरक्षा हेतु कड़े कानून बनाये ताकि डॉक्टर अपनी सुरक्षा से निश्चिन्त होकर अपनी सेवाएं दे सकें। महिला सुरक्षा कानून में संसोधन कर उसे और कठोर बनाया जाए। उक्त मौके पर सेक्रेटरी डॉ. सुधाकर मिश्रा, सामुदायिक स्वास्थ केंद्र के अधीक्षक डाक्टर रफीक फारूकी, डॉ. अभिषेक रावत, डॉ. जावेद अहमद, डॉ. महफूज़, डॉ. अबुफैसल, डॉ. महेंद्र यादव, डॉ. मो. सालेह, डॉ. रूचि मिश्रा, डॉ. जेपी दुबे, डॉ. फारूक अरशद, डॉ. ज्ञान चन, डॉ. सौरभ जायसवाल, डॉ. नैय्यरे आजम, डॉ. मौलश्री चित्रवंशी, डॉ. आरके वर्मा, डॉ. सुधांशु, डॉ. हिमांशु चित्रवंशी सहित अन्य मेडिकल स्टाफ और डाक्टर मौजूद रहे।
न्याय यात्रा के दौरान नगर के सभी अस्पतालों में ओपीडी पूरी तरह से बंद रही। जिससे मरीजों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ेः शाहगंज में गुटखा-कारोबारी के दुकान पर छापा: SIB की टीम ने सात घंटे की कार्रवाई, 27 लाख जुर्माना
