शाहजहांपुरः अनियमितताओं में 12 मेडिकल स्टोर्स के लाइसेंस निलंबित, शिकायतें मिलने पर ड्रग इंस्पेक्टर ने की कार्रवाई
मेडिकल स्टोर संचालकों से एक सप्ताह में मांगा गया जवाब
शाहजहांपुर, अमृत विचार। अनियमितताओं के चलते ड्रग इंस्पेक्टर ने महानगर के 12 मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। मेडिकल स्टोर संचालकों से एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। तय समय सीमा में दस्तावेजों सहित सही जवाब न देने वाले स्टोरों का लाइसेंस निलंबित कर ताले लगा दिए जाएंगे।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से मानकों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोरों के खिलाफ छापामारी की जा रही है। इसी क्रम में ड्रग इंस्पेक्टर शालिनी मित्रा ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने 12 मेडिकल स्टोरों पर भारी अनियमितताएं मिलने पर उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं।
जिसके बाद मेडिकल स्टोर स्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के डर से बिना लाइसेंस संचालित हो रहे मेडिकल स्टोर संचालकों ने बंद कर दिए। वहीं जिन मेडिकल स्टोरों पर मानक पूरे नहीं थे, वहां लोग उसकी पूर्ति करने में जुट गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अगर इनका जवाब एक सप्ताह में नहीं मिला तो मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
जिनके लाइसेंस निलंबित किए गए हैं उन दुकानों को बंद कराने के लिए स्टाफ लगाया और साथ ही साथ नोटिस चस्पा कराए जा रहे हैं। जिन पर कार्रवाई हुई उनमें सुपर मेडिकल स्टोर स्टेशन रोड, न्यू पासवान मेडिकल स्टोर, ग्लोबल मेडिकल स्टोर, श्रीबालाजी मेडिकल स्टोर जलालाबाद सहित 12 मेडिकल स्टोर शामिल हैं।
कुछ पर मिलीं प्रतिबंधित दवाएं
औषधी विभाग को छापा मारी के दौरान महानगर के तीन मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित या स्वास्थ्य के लिए अनुपयोग दवाएं मिलीं। यह दवाएं ऐसे खुलेआम नहीं बेची जा सकती। इसके बाद भी इनकी बिक्री जा रही थी।
बार-बार प्रतिबंधित दवाएं बेचे जाने की शिकायतें आ रही थीं, लेकिन कौन बेच रहा है और कहां बेच रहा है यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा था। जिसके चलते 20 से ज्यादा मेडिकल स्टोर चेक किए गए। जिनमें से 12 पर अनियमिताएं मिली और उनके लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। अभी भी तमाम स्टोर ऐसे हैं, जिन पर प्रतिबंधित दवाएं बेची जा रही हैं।
बिना लाइसेंस स्टोर संचालन की शिकायत
एक ओर मेडिकल स्टोर पर अनियमितताएं बरतने की शिकायतें आ रही थीं और दूसरी ओर बिना लाइसेंस के स्टोर संचालन की शिकायतें भी आ रही हैं। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि बिना लाइसेंस यह मेडिकल स्टोर कहां चल रहे हैं। ऐसे में विभाग ने बिना लाइसेंस वाले स्टोरों पर भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है।
अनियमितताएं मिलने पर मेडिकल स्टोर पर कार्रवाई की गई है। 12 स्टोर के लाइनेंस निलंबित कर एक सप्ताह में जवाब मांगा गया है। इसके बाद भी जवाब न मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी। स्टोर के लाइसेंस रद कर दिए जाएंगे।- शालिनी मित्रा, ड्रग इंस्पेक्टर।
यह भी पढ़ें- Hamirpur News: लूट व हत्या के मामले में दो दोषियों को मिली उम्रकैद
