कानपुर में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले- रेल हादसे में साजिश की हो रही जांच...हम पीड़ितों के साथ
जीटी रोड स्थित एक होटल में की बैठक, कहा- भाजपा प्रचंड बैठक के साथ जीतने जा रही
कानपुर, अमृत विचार। सीसामऊ के उपचुनाव की तैयारी बैठक लेने रविवार को शहर आये डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि साबरमती एक्सप्रेस को पलटाने की साजिश को लेकर जांच जारी है। सरकार पीड़तों की हर संभव मदद को लेकर तैयार है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। डिप्टी सीएम ने जीटी रोड स्थित होटल सेलिब्रेशन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद कहा कि जो रिपोर्ट मेरे सामने आई है उससे तय है कि भाजपा सीसामऊ का उपचुनाव प्रचंड बहुमत से जीतने जा रही है।
दोपहर 12 बजे हुई बैठक में डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना व आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल शामिल हुये। बृजेश पाठक ने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी की जनकल्याण कारी योजना की बदौलत हम लगातार चुनाव जीत रहे है।
बृजेश पाठक ने कहा जब मैं उन्नाव में हाई स्कूल में था तो मेरा रोल नंबर 215666 था। मेरे परिवार को प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होने की आशा थी, पर जब परिणाम आया तो मैं द्वितीय श्रेणी से पास हुआ। इसपर मैं उदास होकर सो गया। उन्होंने कहा कि तभी घर के पास वाले मकान से ढोल बजने की आवाज आई। वो जागे तो पता चला कि उनके पड़ोसी का लड़का जो तीन बार फेल हो गया था वो अबकी तृतीय श्रेणी में पास हुआ।

उन्होंने कहा कि यही हाल कांग्रेस और अन्य दलों का है। वो लगातार फेल हो रहे और अबकी लोकसभा चुनाव में में 99 सीट पर पहुंचे। हम लगातार पास हो रहे और तीसरी बार सरकार बनाई। हमको एकजुट होकर अपना हौसला बुलंद कर के सीसामऊ का उपचुनाव लड़ना चाहिए। बृजेश पाठक ने कहा कि कानपुर-उन्नाव में बड़े भाई और छोटे भाई का संबंध है। कानपुर वाले हमारे बड़े भाई हैं। आपके हर सुख दुख में मैं साथ में हूं।
रामपुर जीत सकते हैं तो सीसामऊ क्या चीज
नितिन अग्रवाल ने कहा की जब हम रामपुर का उपचुनाव जीत सकते हैं तो यह सिर्फ सीसामऊ का उपचुनाव है। हमको चुनाव पूर्व इस विधान सभा में कम से कम 15 हजार नव मतदाता बढ़ाने हैं। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा की चुनाव तीन चरणों में लड़ा जाता है।
पहला चरण चुनाव की घोषणा के पूर्व दूसरा चरण घोषणा के बाद से लेकर चुनाव प्रचार खत्म होने तक और तीसरा चरण मतदान का दिन होता है। बैठक में कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष दीपू पांडे, प्रदेश उपाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडे, विधायक नीलिमा कटियार, अरुण पाठक, सलिल विशनोई, महेश त्रिवेदी, पूर्व मंत्री अरुणा कोरी, कमलावती सिंह, रविन्द्र पाटनी, अनुराग शर्मा आदि रहे।
सर्किट हाउस में भी की चर्चा
सीसामऊ सीट पर उपचुनाव को लेकर रविवार को डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, सीसामऊ विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना, राज्यमंत्री नितिन कानपुर सर्किट हाउस पहुंचे। यहां पर मंत्रियों ने बैठक ने भाजपा नेताओं के साथ छोटी बैठक की। इसके बाद कार्यक्रर्ताओं के साथ गुमटी स्थित होटल में बैठक की और सीसामऊ सीट पर जीत के लिए मंथन किया।
ये भी पढ़ें- Weather Forecast News: कानपुर में रुक-रुककर हो रही बारिश: पूरे शहर में जलभराव...जाम से कराह उठे लोग
