Raksha Bandhan 2024: आज दोपहर इतने बजे के बाद बहनें भाइयों को बांधेंगी राखी...बाजार में इस चीज को हो रही खूब डिमांड
पर्व के लिए सजी दुकानें, सूखे मेवे और आकर्षक गिफ्टपैक में मिठाइयां
कानपुर, अमृत विचार। रक्षाबंधन पर्व आज मनाया जाएगा। ज्योतिषाचार्यों ने बताया कि पर्व पर भद्राकाल होने से दोपहर 1:32 बजे के बाद ही राखी बांधी जाएगी। मिठाई का बाजार भी सजकर तैयार है। आकर्षक मिठाई पैकिंग और सूखे मेवों के गिफ्टपैक खरीदारों को लुभा रही है।
ज्योतिषाचार्य पं. मनोज कुमार द्विवेदी ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन भद्रा भोर 3 बजकर 4 मिनट से आरंभ होगी, जो दोपहर 1. 32 बजे तक रहेगी। पंचांग के अनुसार राखी बांधने का शुभ मूहुर्त सोमवार को दोपहर 1:32 बजे से रात 9:08 बजे तक है। पर्व के लिए बाजार भी सजकर तैयार है। खासतौर पर मिठाई और सूखे मेवे उपहार के लिए सबसे अधिक खरीदारो को लुभा रहे हैं। पर्व पर भांजे-भांजियों के लिए टोकरिायां भी सजी।
इन टोकरियों में जूस, फल, चॉकलेट के साथ उनके मनपसंद खिलौने मौजूद रहे। रविवार को भी देर रात तक खरीदारी होती रही। गुमटी, आर्य नगर, स्वरूप नगर, पीरोड, गोविंद नगर सहित अन्य बाजारों में रात तक रौनक रही। मनपसंद राखियों में इस बार मारवाड़ी राखी, मोतियों वाली राखियां रहीं। मेहंदी बाजार भी गुलजार रहा।
6 करोड़ की चांदी की राखियां, 2 करोड़ के सिक्के बिके
भाई-बहन के पर्व रक्षा बंधन पर शहर में चांदी की राखियों, सिक्कों और ब्रेसलेट की जमकर खरीदारी हुई। सराफा कारोबारियों के अनुसरा 6 करोड़ रुपये की चांदी की राखियां बिक गईं। उपहार में देने के लिए भाईदूज के नाम से आए चांदी के सिक्कों की भी खूब खरीदारी हुई।
चांदी के ब्रेसलेट 2 हजार रुपये से शुरू होकर 10 हजार रुपये तक में बिके। कानपुर महानगर बुलियन एण्ड सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष आशू शर्मा ने बताया कि आम राखियां कुछ समय बाद टूट जाती हैं, जबकि चांदी की राखियां जीवनभर साथ रहती हैं। बाजार में आया चांदी का 5 ग्राम का रंगीन भाईदूज सिक्का 450 रुपये में बिका। थोक बाजार मे इन सिक्कों की लगभग 2 करोड़ रुपये की खरीदारी हुई।
