कासगंज : शटर काटकर कपड़े की दुकान में चोरी, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Pradeep Kumar
On

मौके पर पहुंचे सीओ सिटी को प्रतिष्ठान स्वामी ने दी तहरीर

कासगंज, अमृत विचार। शहर के नदरई गेट क्षेत्र में चोरों ने वारदात को अंजाम दिया है। देर रात एक कपड़े की दुकान का शटर काटकर हजारों रूपये के कपड़े एवं अन्य वस्तुएं चोरी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है। जानकारी मिलने पर सीओ सिटी भी पहुंचे हैं। प्रतिष्ठान स्वामी ने पुलिस को तहरीर दी है। 

घटना रविवार देर रात की है। हालांकि रात होने के कारण किसी को समय स्पष्ट नहीं है। सोमवार सुबह प्रतिष्ठान स्वामी राजीव माहेश्वरी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि उनकी दुकान से चोरी हुई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इधर सीओ सिटी विजय कुमार राना भी घटना स्थल का निरीक्षण करने पहुंचे। क्योंकि भरे बाजार चोरी हुई। ऐसे में संवेदनशीलता और अधिक बढ़ गई। दुकान स्वामी की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। 

आखिर कहां था गश्त 
रात्रि में पुलिस का कड़ा पहरा रहने का दावा किया जाता है। बाजारों के अलावा बस्तियों में पुलिस रात को पहरा देती है। इस बात का ढिंढौरा अधिकारी पीटते रहते हैं, लेकिन चोरी की इस वारदात ने पुलिस के दावों की पोल खोल दी है। सवाल उठ रहा है कि आखिर गश्त कहां था। 

फोरेंसिक टीम ने लिए नमूने 
घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सदर ने फोरेंसिक टीम एवं डॉग स्क्वायड की टीम को मौके पर बुलाया। जांच के लिए नमूने संकलित कराए गए। अब नमूनों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। 

एक वस्त्रालय की दुकान से चोरी की जानकारी मिली। मौके का निरीक्षण किया। प्रतिष्ठान स्वामी की तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द घटना का खुलसा होगा। -विजय कुमार राना, सीओ सिटी

संबंधित समाचार