Kanpur Dehat Accident: लोडर की टक्कर से बेटे की मौत, पिता-पुत्री गंभीर...रक्षाबंधन पर राखी बांधकर लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस ने भाग रहे चालक को लोडर समेत हिरासत में लिया
कानपुर देहात, अमृत विचार। शाहजहांपुर गांव में पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार लोडर ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई। जबकि पिता-पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टर ने युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने लोडर चालक को हिरासत में लिया है।
मंगलपुर थानाक्षेत्र के डबरापुर गांव निवासी कामिनी ने बताया कि सोमवार को रक्षाबंधन पर्व पर वह पति सोनू कुशवाहा (27), बेटी विशाखा (5) व बेटे यश बाबू के साथ मायके जनपद फतेहपुर के जहानाबाद क्षेत्र के असनिया गांव गई थी। भाईयों को राखी बांधने के बाद मंगलवार को वह पति और बच्चों के साथ बाइक से वापस डबरापुर गांव लौट रही थी। तभी सटटी थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव के पेट्रोल पंप के सामने राजपुर की ओर से आए तेज रफ्तार लोडर ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में बेटी विशाखा (5), यश बाबू (3) व पति सोनू कुशवाहा गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सरकारी जीप से राजपुर पीएचसी में भर्ती कराया। जहां डाक्टर शिवकुमार ने यश बाबू को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल सोनू कुशवाहा को जिला अस्पताल अकबरपुर रेफर कर दिया गया।
इधर, इकलौते बेटे की मौत से कामिनी बदहवास हो गई। घटना की सूचना पर बड़ी संख्या में लोग अस्पताल में इकठ्ठा हो गए। सटटी थाना के उपनिरीक्षक शीलेश कुमार ने मृत यश बाबू के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
घटना के बाद लोडर चालक वाहन सहित घटनास्थल से भागने लगा। ग्रामीणों की सूचना पर राजपुर पुलिस ने घेराबंदी कर रसूलपुर नहर बंबा से चालक को लोडर समेत पकड़ लिया। सटटी थानाध्यक्ष संजेश कुमार ने बताया कि लोडर चालक को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- कानपुर में दबंगों का आतंक: दुकान पर कब्जे का प्रयास...विरोध करने पर बेटे का फोड़ा सिर, बेटी के फाड़े कपड़े
